संभल/बिल्सी। संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र के ग्राम ढडौल में दहेज की मांग पूरी न होने पर 7 माह की गर्भवती विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी पति सहित ससुरालीजन विवाहिता के शव को छोड़कर फरार हो गए। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है।
कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के ग्राम बांस बरौलिया निवासी सुमित माथुर ने अपनी बहन मीनाक्षी की शादी 29 जनवरी 2022 को बहजोई थाना क्षेत्र के ग्राम ढडौल निवासी आदित्य के साथ की थी। सुमित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शादी में 11 लाख रुपए खर्च करने के बाद भी ससुराल वाले मीनाक्षी से ₹2,00,000 और चार पहिया वाहन की मांग कर रहे थे। पिछले दिनों वह उनके ससुराल वालों को ₹50,000 देकर आया था, लेकिन उनकी मांगें जारी रहीं।
11 अगस्त को सुमित को मीनाक्षी की तबीयत खराब होने का फोन आया। जब वह परिवार के साथ गांव पहुंचा, तो ससुराल में बहन का शव घर में पड़ा मिला। पति और ससुराल वाले घर से भागे हुए थे। उसने बहजोई कोतवाली में इसकी सूचना दी। पुलिस ने सुमित की तहरीर पर पति सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

























