



बिल्सी: श्री वार्ष्णेय महिला उत्थान समिति के तत्वाधान में तीज महोत्सव कार्यक्रम को धूमधाम से मनाया गया। यह आयोजन उझानी रोड स्थित बाबा इंटरनेशनल स्कूल के सभागार में किया गया, जहाँ समिति की चंदौसी से आई मुख्य इकाई की पदाधिकारी प्रतिभा चौधरी, सोनल वार्ष्णेय, और रीना वार्ष्णेय का ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती प्रतिभा चौधरी ने सजातीय महिलाओं को सामाजिक और जनहित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। तीज महोत्सव में महिलाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर माहौल को हर्षोल्लास से भर दिया। इस कार्यक्रम की विशेषता रही जब कृति वार्ष्णेय को ‘तीज क्वीन’ चुना गया, जिन्हें समिति की ओर से ताज पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति की संरक्षक कमलेश वार्ष्णेय, लक्ष्मी गुप्ता, उर्मिला वार्ष्णेय, गीतांजलि वार्ष्णेय, अध्यक्ष प्रियंका वार्ष्णेय, आशा वार्ष्णेय, अंशु वार्ष्णेय, निधि वार्ष्णेय, सीता वार्ष्णेय, रश्मि वार्ष्णेय, पूजा वार्ष्णेय, तनु वार्ष्णेय, श्वेता वार्ष्णेय, किरण वार्ष्णेय और निशा वार्ष्णेय आदि का विशेष सहयोग रहा।
यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। इस प्रकार के आयोजन न केवल महिलाओं के बीच आपसी सहयोग और सामंजस्य को बढ़ावा देते हैं, बल्कि समाज में उनके योगदान को भी रेखांकित करते हैं।

























