

बिल्सी: विद्युत की अप्रत्याशित अघोषित कटौती को लेकर दर्जनों गांवों के सैकड़ों ग्रामीण उपभोक्ताओं ने बिल्सी विद्युत केंद्र पर जाकर जमकर प्रदर्शन किया। आज दोपहर 12:00 बजे ग्राम कुदनी, अगोल, नगरिया, नगला जाटन, सुकटिया, ढकपुरा, हरनाम नगला खैरी, और ढकपुरा आदि के सैकड़ों ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे। उपखंड अधिकारी (एसडीओ) की अनुपस्थिति में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने कहा कि पिछले एक महीने से ग्रामीण क्षेत्रों में मात्र 2 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति देने का शेड्यूल है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि एक महीने पूर्व आए चक्रवाती तूफान के कारण टूटे खंबे आज तक नहीं लगे हैं।
प्रदर्शन के दौरान अवर अभियंता दिनेश कुमार का ग्रामीणों ने घेराव कर विद्युत आपूर्ति 18 घंटे दिलाए जाने की मांग की। इस पर अवर अभियंता ने तुरंत फीडर चलवाकर ग्रामीणों को शेड्यूल के अनुसार विद्युत आपूर्ति दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
सूचना पर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह और इंस्पेक्टर क्राइम उमेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभालने और ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा, जिससे अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करनी पड़ी।

























