बिल्सी: नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल के गेस्ट हाउस में बुधवार को राष्ट्र सेविका समिति की ओर से गुरु दक्षिणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गौरक्ष प्रांत संपर्क प्रमुख श्रीमती अंजू चौहान विशेष रूप से उपस्थित हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और भगवा ध्वज की पूजा से किया गया। इसके बाद, उन्होंने गुरु दक्षिणा अर्पित करते हुए बालिकाओं की समाज में स्थिति, आत्मरक्षा, और भारतीय संस्कृति को संरक्षित रखने के बारे में विस्तार से चर्चा की।
विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु वही होता है जो अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाए। उन्होंने कहा कि गुरु दक्षिणा के लिए हमें धन और मन को राष्ट्र के प्रति समर्पित करना होगा। भारत में हजारों वर्षों से गुरु-शिष्य की परंपरा चली आ रही है, जो भारत को सोने की चिड़िया बना देती थी। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ही ऐसा देश है जहां गुरु को परमात्मा से भी बड़ा दर्जा दिया गया है।
विद्यालय की निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे घरों से निकलकर समाज के लिए भी समय दें, तभी सही गुरु दक्षिणा हो सकेगी। प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने महिलाओं को स्वाभिमान के लिए आगे आने को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने ‘वंदे मातरम्’ गीत गाकर सभी का मन मोह लिया। इस कार्यक्रम में प्रज्ञा शर्मा, नमिता शाक्य, और पूजा राणा का सहयोग सराहनीय रहा।