
बिल्सी:- तहसील क्षेत्र के ग्राम सतेति इच्छा पट्टी में आज सामाजिक वानिकी वन प्रभाग सहसवान रेंज, बदायूँ की ओर से “वृक्ष मां के नाम” कार्यक्रम के तहत काकोरी ट्रेन एक्शन की 100वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शहीदों की स्मृति में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी प्रबंधन शर्मा और नवागत पुलिस क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार ने शहीदों के परिजनों रामरक्ष पाल सिंह, गोपाल परासर, और शिशु पाल सिंह को सॉल एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। साथ ही, ट्री मैन प्रशांत जैन और क्षेत्रीय वन रेंजर अशोक कुमार त्यागी ने भी इस आयोजन में हिस्सा लिया और शहीदों की स्मृति में वृक्षारोपण किया।
उप जिलाधिकारी प्रबंधन शर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए काकोरी ट्रेन एक्शन के महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि यह कार्यक्रम एक साल तक चलेगा। क्षेत्रीय वन रेंजर अशोक कुमार त्यागी ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया और सभी से अपील की कि वे अपने माता के नाम पर एक वृक्ष लगाएं और उसकी देखभाल करें।
नवागत पुलिस क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार ने पर्यावरण प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याओं के समाधान के लिए वृक्षारोपण को महत्वपूर्ण बताया। इस मौके पर ट्री मैन प्रशांत कुमार जैन ने पौधों के संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।
इस कार्यक्रम में वन दगोगा जितेंद्र कुमार, विजय सिंह, वन रक्षक राम सिंह, शुशांक कुमार, विनय कुमार, अरिहन्त वृक्षारोपण समिति के संरक्षक मृगांक जैन, प्रदेशाध्यक्ष विष्णु असावा, डॉ विनय शर्मा, सुभाष जैन, भागचंद्र जैन, जितेंद्र शर्मा, और देव परासर समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

























