



बदायूं। लॉर्ड कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में 78वां स्वतंत्रता दिवस उत्साहपूर्वक और भव्य समारोह के साथ मनाया गया। समारोह की शुरुआत संस्थापक श्री वेदव्रत त्रिवेदी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। उन्होंने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए इसे हमारे देश के गौरव और स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें स्वतंत्रता की रक्षा और देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने के लिए प्रेरित करता है।
सह-संस्थापक श्री तेजस्व त्रिवेदी ने भी इस अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने एक सशक्त और विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बच्चों ने क्रांतिकारियों की वेशभूषा में नाटकीय प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया। इसके अलावा, छात्र-छात्राओं ने विभिन्न देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत किए, जिससे माहौल और भी जोशीला हो गया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर विद्यालय के संस्थापक श्री वेदव्रत त्रिवेदी, सह-संस्थापक श्री तेजस्व त्रिवेदी, निदेशिका श्रीमती छवि शर्मा, श्रीमती रीता शर्मा, शैक्षिक निदेशक श्री देवव्रत त्रिवेदी और प्रधानाचार्या श्रीमती पायल दुबे ने भी बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
समारोह के समापन पर प्रधानाचार्या श्रीमती पायल दुबे ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और इस भव्य आयोजन के सफल समापन की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों की सक्रिय सहभागिता ने इसे एक यादगार दिवस बना दिया।

























