होम स्वदेश केसरी ब्यूरो बदायूं पुलिस को बड़ी सफलता, 70 लाख के चोरी के मोबाइल फोन...

बदायूं पुलिस को बड़ी सफलता, 70 लाख के चोरी के मोबाइल फोन बरामद।

बदायूं जिला संवाददाता राहुल पाठक एवं बिल्सी तहसील प्रभारी ललित वार्ष्णेय की रिपोर्ट

बदायूं। जिले की जरीफनगर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने 70 लाख रुपये मूल्य के सैमसंग के 101 नए A55 5G मोबाइल फोन समेत दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन चोरों को सहसवान रोड पर बिना नंबर प्लेट की एक अपाचे बाइक के साथ पकड़ा गया।

बदायूं पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इन चोरों को धर दबोचा, जो दिल्ली से ये मोबाइल चुराकर लाए थे। ये मोबाइल फोन एक ट्रक से चोरी किए गए थे और इनकी बाजार में कीमत लगभग 70 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, ये बदमाश इन फोन को सहसवान क्षेत्र में बेचने की फिराक में थे।

एसएसपी बदायूं के निर्देश पर चलाए जा रहे चोरी और नकबजनी के खिलाफ अभियान के तहत एसपी देहात केके सरोज के नेतृत्व में जरीफनगर पुलिस ने इस सफलता को हासिल किया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रविकरन सिंह, उपनिरीक्षक राजीव सिंह, जाहिद हुसैन, कांस्टेबल गौरव कुमार, विशाल पाल और राहुल कुमार आदि शामिल थे।

एसपी देहात केके सरोज ने बताया कि जुनावई बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान मुखबिर ने सूचना दी थी कि दो व्यक्ति गांव सोभनपुर के पास पीपल के थान के पास संदिग्ध अवस्था में बैठे हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन चोरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान राजू यादव और आकाश के रूप में हुई है। दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने दिल्ली के ओखला क्षेत्र से ये मोबाइल फोन चुराए थे।

इस सफलता के बाद बदायूं पुलिस को जिले में कानून व्यवस्था को और भी मजबूत करने में मदद मिलेगी। पुलिस की इस मुस्तैदी की बदौलत एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया गया है, और इससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here