बिल्सी। नगर का बहुप्रतिक्षित रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण कार्य अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में शुरू हो जाएगा। आज एक अखबार में प्रकाशित बिल्सी में रोडवेज डिपो बनाये जाने की खबर को क्षेत्रीय प्रबंधक बरेली ने खारिज कर दिया है। क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने स्वदेश केसरी को बताया कि बस स्टेशन के लिए दो करोड़ 25 लाख 40 हजार रुपए की धनराशि शासन से अब मुक्त हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भूखंड पर उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) द्वारा निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। दीपक चौधरी ने स्पष्ट किया कि रोडवेज डिपो का प्रस्ताव सिरे से खारिज कर दिया गया है।
अंबियापुर चौराहे पर बने परिवहन निगम के शेल्टर को जनता की मांग पर पुनः चालू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले माह शेल्टर को विधिवत रूप से चालू कर दिया जाएगा। इसके चालू हो जाने से पीतल नगरी और कासगंज डिपो द्वारा संचालित रोडवेज बसों के ठहराव की व्यवस्था हो सकेगी और यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

























