
आंध्र प्रदेश के गुंटूर से तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के कैंडिडेट चंद्रशेखर ने चुनावी हलफनामे में 5 हजार 785 करोड़ की संपत्ति बताई है। चंद्रशेखर, एक डॉक्टर, आंत्रप्रेन्योर और राजनेता हैं। चंद्रशेखर इस चुनाव में सबसे अमीर कैंडिडेट्स हो सकते हैं।
चंद्रशेखर के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उनकी खुद की संपत्ति 2448.72 करोड़, पत्नी श्रीरत्ना कोनेरू की प्रॉपर्टी 2343.78 करोड़ और बच्चों की संपत्ति करीब 1 हजार करोड़ रुपए है। चंद्रशेखर के परिवार पर अमेरिका के जेपी मॉर्गन चेस बैंक की 1,138 करोड़ रुपए की देनदारी है।
इससे पहले एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने लोकसभा चुनाव के पहले फेज (19 अप्रैल) में छिंदवाड़ा से कांग्रेस उम्मीदवार और कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ को सबसे अमीर कैंडिडेट बताया था। नकुलनाथ के पास 717 करोड़ के आसपास की संपत्ति बताई गई थी।
1999 में MBBS तो 2005 में पेंसिलवेनिया से MD किया
चंद्रशेखर जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी सिनाई हॉस्पिटल में फिजीशियन टीचर हैं। उन्होंने 1999 में विजयवाड़ा की NTR यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस से MBBS किया। 2005 में पेंसिलवेनिया के डेनविल स्थित जीसिंगर मेडिकल सेंटर से MD किया।
चंद्रशेखर आंध्र प्रदेश के बरीपालेम गांव के हैं। वे पढ़ने में काफी तेज थे। MBBS एन्ट्रेंस टेस्ट EAMCET में उनकी 27वीं रैंक थी, जिसमें 60 हजार बच्चे शामिल हुए थे। EAMCET भारत के कठिन एग्जाम्स में से एक माना जाता है।