
बिसौली वाला रोड पर कार से चेकिंग करती स्टेटिक टीम। संवाद
बदायूं /बिसौली। बिसौली में स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने कार चेकिंग के दौरान 2.60 लाख रुपये पकड़े हैं। कार स्वामी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। ऐसे में नकदी जब्त कर ली गई है। यहां बता दें कि आचार संहिता लागू होने के बाद 16 मार्च से 16 अप्रैल तक जिले में टीमें 1.87 करोड़ की नकदी जब्त कर चुकी हैं। इसमें बरामद नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत भी शामिल है।
चुनाव आयोग के निर्देश पर जिलास्तरीय टीम काम कर रही है। बुधवार को बिसौली में आंवला रोड पर तिराहे के पास मजिस्ट्रेट दिलीप कुमार व एसआई किशनलाल के नेतृत्व में वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान बगरैन निवासी हबीव खां कार से दिल्ली जा रहे थे। तभी टीम ने कार को रोककर तलाशी ली। उनकी कार में 2.60 लाख रुपये मिले। टीम ने नकदी के बारे में जानकारी लेनी चाही तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर टीम ने धनराशि जब्त कर ली। इससे पहले भी टीम ने दो लाख 45 हजार रुपये जब्त किए थे।
इसके अलावा टीम ने बुधवार को 484 लीटर शराब पकड़ी है, जो करीब 1.25 लाख रुपये की है। इसके अलावा जांच टीमें अब तक 1.37 करोड़ की अफीम, डोडा और गांजा भी पकड़ चुकी हैं। अब तक जिले में 1.87 करोड़ रुपये की जब्ती की जा चुकी है। इसमें नकद धनराशि, नशीले पदार्थ की कीमत शामिल है। हालांकि उपहार संबंधित अभी कोई कार्रवाई सामने नहीं आयी है।
इन नंबरों पर करें चुनाव संबंधी शिकायत
जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। इन पर कोई भी व्यक्ति चुनाव संबंधित शिकायत कर सकता है। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम का 7505389289, 7505395940 नंबर जारी किया गया है। इसके अलावा बदायूं व शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के लोग 9258915266, बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के 9454415855, दातागंज विधानसभा क्षेत्र 8923233776, बिसौली विधानसभा क्षेत्र 9258094272, सहसवान विधानसभा क्षेत्र 9454415854 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

























