होम राज्य उत्तर प्रदेश बरेली में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के सामने संतोष गंगवार के समर्थकों का...

बरेली में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के सामने संतोष गंगवार के समर्थकों का हंगामा – अमर उजाला हिंदी न्यूज़ लाइव


बरेली में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के सामने संतोष गंगवार के समर्थकों का हंगामा

सांसद समर्थकों ने प्रदेश अध्यक्ष के सामने किया हंगामा
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार


बरेली में सांसद संतोष गंगवार का टिकट कटने के बाद उपजा असंतोष नगर निगम परिसर में हुई ब्राह्मण समाज की बैठक के बाद खुलकर सामने आ गया। सोमवार को भारत सेवा ट्रस्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की मौजूदगी में संतोष के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने मांग उठाई कि महापौर का इस्तीफा लें या संतोष को टिकट मिलने की स्थिति में ही कुर्मी समाज भाजपा को चुनाव लड़ाएगा। अध्यक्ष के जाने के बाद भी वे नारेबाजी करते रहे।

सपा मुखिया ने एक्स पर पोस्ट कर ली चुटकी

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर चुटकी ली। उन्होंने लिखा कि भाजपा में असंतोष उबाल पर है। बरेली में सांसद के कार्यालय में ही कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को घेर लिया।

यह है मामला

रविवार को बरेली लोकसभा सीट से पार्टी के प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार के समर्थन में ब्राह्मण समाज की बैठक नगर निगम परिसर में बुलाई गई थी। आयोजक के रूप में महापौर उमेश गौतम समेत ब्राह्मण समाज से जुड़े वरिष्ठ नेताओं ने इसमें विचार रखे थे। अब एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है, जिसे इस बैठक में महापौर का संबोधन बताया जा रहा है। इसी को लेकर सांसद संतोष गंगवार के समर्थक भड़के हुए हैं।

सोमवार को दिन भर बैठकों का दौर चला। शाम को सांसद के कैंप कार्यालय पर उनसे मिलने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी पहुंचे। बताते हैं कि संतोष समर्थकों की नाराजगी का पता चलने पर प्रधानमंत्री मोदी के पीलीभीत कार्यक्रम में जा रहे चौधरी इसी सिलसिले में उनसे बात करने पहुंचे थे।

बरेली में बसपा की चुनावी सभा: भाजपा पर बरसे आकाश आनंद, कहा- बेइज्जती का टैग है बुलडोजर की सरकार

कार्यकर्ताओं ने उन्हें देखा तो नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। महापौर का नाम लेकर आरोप लगाए। चौधरी ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। थोड़ी देर रुककर चौधरी ने संतोष गंगवार से बात की और निकल गए। इस दौरान गेट तक धक्कामुक्की और खींचतान का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने कुछ देर के लिए भारत सेवा ट्रस्ट का गेट भी बंद कर दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here