
सिविल लाइंस में डाली गई पानी की पाइप लाइन। संवाद
बदायूं। शहर में लोगों को पीने के लिए शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के लिए शासन से 68.48 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसमें से 11.19 करोड़ रुपये का आवंटन भी हो चुका है। इससे पेयजल आपूर्ति के लिए शहर में 90 किलोमीटर पाइप लाइन डाली जाएगी।
शहर में 3,69,221 आबादी है। यहां पर 29 वार्ड हैं। कुछ मोहल्ले और वार्ड ऐसे हैं जहां पर पालिका की जलापूर्ति नहीं पहुंचती। पिछले कुछ सालों में आबादी में इजाफा हुआ है। इसी कारण नगर पालिका सभी जगहों पर पेयजल उपलब्ध नहीं करा पा रही, लेकिन अमृत योजना-2 के तहत सभी शहरवासियों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराया जाना है।
शासन ने कुल स्वीकृति के सापेक्ष 11.19 करोड़ रु़पये का बजट कार्यदायी संस्था जल निगम शाहजहांपुर को दिया है। कार्यदायी संस्था ने शहर के कई हिस्सों में पानी की पाइप लाइन डालना शुरू कर दिया है। शहर में 17 ट्यूबवेल और तीन ओवरहेड टैंक बनेंगे। लोगों को 24 घंटे भरपूर पानी मिलेगा।
शहर में पानी की पाइप लाइन डालने का काम चल रहा है। जल्द ही इसको पूरा कर दिया जाएगा। साथ ही कुछ ओवरहेड टैंक व ट्यूबवेल भी बनाए जाने हैं। उनका भी काम चल रहा है।
-प्रवीन यादव, एई जलनिगम

























