- हिंदी समाचार
- राष्ट्रीय
- आईएमडी मौसम पूर्वानुमान अपडेट; जम्मू कश्मीर में बर्फबारी | एमपी महाराष्ट्र हीटवेव अलर्ट

देश भर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी हो रही है। शुक्रवार (29 मार्च) को राज्य के सोनमर्ग के हंग इलाके में एवलांच हुआ। इससे दो कारें बर्फ में फंस गई। कार में फंसे लोगों का रेस्क्यू किया गया। हालांकि, एवलांच के कारण बर्फ जमा होने से श्रीनगर-लेह हाईवे बंद हो गया।
भारतीय मौसम विभाग ने 30 मार्च को 19 राज्यों में बूंदाबांदी की संभावना जताई है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट है। यहां बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है।
इसके अलावा असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट है। राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में बादल छाए रहेंगे। इन राज्यों में गरज के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के 2-2 शहर सबसे ज्यादा गर्म
दूसरी तरफ, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। देश के सबसे ज्यादा गर्म 5 राज्यों में मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के 4 शहर हैं। महाराष्ट्र का अकोला में 29 मार्च को 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह पूरे देश में सबसे ज्यादा है।
इसके बाद मध्य प्रदेश का मोह और गुना दूसरे और तीसरे नंबर पर रहा। तापमान के मामले में आंध्र प्रदेश का नंदयाला चौथे और महाराष्ट्र का परभणी पांचवें नंबर पर रहा। इन सभी शहरों में पारा 40 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया।