- एक करोड़ साठ लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत होने की कही थी बात,
- 12 जनवरी से आज 13 मार्च तक एक ईंट भी न लग सकी।
- लोकसभा सभा चुनावों में वोटर पूछेंगे सवाल।
- उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हवाई अड्डे के बयान की तरह इसको भी जुमला बता रहे विपक्षी।
- कछला बिल्सी बिसौली से शाहबाद (रामपुर) मार्ग को चौड़ीकरण की घोषणा भी हुई हवा हवाई,
बिल्सी। प्रदेश की डबल इंजन की सरकार में जहां पूरे प्रदेश में विकास की गंगा बहाने की बात होती है जगह जगह विकास कार्यों के लोकार्पण करने का सिलसिला लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पूर्व जारी है लेकिन बदायूं जिले की तहसील बिल्सी आज भी अछूती दिख रही है। बिल्सी की जनता की दशकों पुरानी मांग आज भी पूरी न हो सकी है हर बार के चुनावों में सभी पार्टियों के प्रत्याशियों ने इसके नाम पर वोट मांग कर खुद तो जनप्रतिनिधि बन गए लेकिन हर बार जनता ने अपने आपको ठगा महसूस ही किया।
विदित हो कि योगी सरकार में पिछली बार के विधायक आर के शर्मा ने भी बस स्टैंड के लिये तमाम अधिकारियों को बिल्सी बुलाकर उनके साथ ज़मीन को चिन्हित कर बस स्टैंड के जल्द निर्माण होने के पूरे पांच साल जुमले सुनाए लेकिन रोडवेज बस स्टैंड की एक ईंट धरातल पर न दिख सकी, योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल में पार्टी के विधायक के रूप हरीश शाक्य चुने गए हैं। बीती 23 दिसम्बर को विधायक के प्रयासों से प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का बिल्सी दौरा लगा था इस दौरे से बिल्सी की जनता को लगा था कि इस बार हरीश शाक्य की उपमुख्यमंत्री से नजदीकियां बिल्सी को बस स्टैंड तो दिला ही देंगी। लेकिन जनता की उम्मीदों के विपरीत उपमुख्यमंत्री ने अपने पूरे दौरे में इसको लेकर कोई घोषणा नहीं की।तब जनता ने अपनी मांग को उन तक पहुचाने के लिये उनसे चिल्लाते हुए रोडवेज अड्डे की मांग की, जिसके जबाब में मांग के को हवा में उड़ाते हुए मुस्कराते हुए उन्होंने बिल्सी में हवाई अड्डा बनवाने की बात कहकर चलते बने,उपमुख्यमंत्री का यह बयान पूरे प्रदेश में वायरल हुआ इसके लेकर बिल्सी की जनता ने भी सोशल मीडिया पर खूब मीम बनाकर शेयर किए,
इस घटना के बाद स्थानीय विधायक ने अपने प्रयासों से नोडल अधिकारी के पी सिंह को 12 जनवरी को बिल्सी बुलाकर उनसे घोषणा कराई थी कि बिल्सी में रोडवेज बस स्टेशन बनाने के लिए निगम ने एक करोड़ 60 लाख का बजट मंजूर कर दिया है साथ ही कहा गया कि फरवरी माह में प्रस्तावित भूमि पर बस स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
अब जबकि नोडल अधिकारी के बयान को 1 नहीं 2 माह बीत चुके हैं और किसी भी समय लोकसभा चुनाव की घोषणा भी हो सकती है लेकिन आज की तारीख 13 मार्च तक रोडवेज बस स्टैंड पर एक ईंट भी नहीं लग सकी है। पहले तो केवल विपक्षी पार्टियां ही इस घोषणा को जुमला बता रही थीं लेकिन अब तो स्थानीय जनता भी विधायक के इस प्रयास को जुमला बताते हुए कहते नज़र आ रहे हैं कि यह सब विधायक जी ने केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर लीपापोती के लिये अधिकारी को बुलाकर कर घोषणा कर दी थी। लोग तो यह भी कहने लगे हैं कि बस स्टेंड पर चाहें एक ईंट न लगी हो लेकिन लोकसभा चुनाव में इसके नाम पर वोट मांग जाएगा।
अब यह तो आने वाला समय ही बताएगा कि बिल्सी की जनता की यह मांग कभी पूरी हो सकेगी की नहीं।या हर बार की तरह जनप्रतिनिधियों का यह बायदा हवा हवाई साबित होगा।आज भी बिल्सी क्षेत्र के लोग परिवहन सेवाओं के अभाव में गांव का जीवन जीने को मजबूर हैं बिल्सी को शाम 6 बजे के बाद टापू कहे जाने वाले बिल्सी में के हालात ऐसे हो गए हैं कि बाहर के लोग अपनी बेटी का रिश्ता बिल्सी में नहीं करना चाहता है। जिसके चलते लड़कों की उम्र बढ़ती जा रही है।
मालूम हो कि शाहबाद (रामपुर) से बिसौली कछला मार्ग के चौड़ीकरण की घोषणा हुई थी लेकिन वह भी हवा हवाई ही साबित होती दिख रही है। बिल्सी से कासगंज बिसौली मार्ग पर कासगंज डिपो की मात्र एक बस पिछले एक दशक से मुरादाबाद तक संचालित है बाकी समय कासगंज तक जाने के लिए डग्गामार वाहनों से बिल्सी से मुज़रिया, मुज़रिया से कछला फिर कछला से कासगंज के लिये बस मिलती है।यही हाल बिसौली, सहसवान, बजीरगंज जाने का है जहां जाने का एक मात्र साधन डग्गामार वाहन ही है।

























