बिल्सी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय अंबियापुर पर शिक्षकों ने अवकाश के बाद एकत्रित होकर धरना दिया। बाद में अपनी मांगों को लेकर महानिदेशक शिक्षा उत्तर प्रदेश को संबोधित एक ज्ञापन बीईओ गौतम प्रकाश को सौंपा। जिसमें कहा गया है कि बेसिक शिक्षा परिषदीय विद्यालयों को विभाग द्वारा उपलब्ध कराये गये टैबलेट के माध्यम से विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों की उपस्थिति तथा मध्याह्न भोजन की सूचना ऑनलाइन भेजने का दबाव विभागीय अधिकारियों द्वारा बनाया जा रहा है। साथ ही शिक्षकों के साथ अमर्यादित व्यवहार, वेतन रोकने जैसी कार्यवाही की जा रही है। टैबलेट तो उपलब्ध कराया गया है परन्तु टैबलेट को चालू करने के लिए सरकारी सिम नहीं दिए गए है। इसके अलावा शिक्षकों का उत्पीड़न किया जा रहा है।
प्रान्तीय प्रतिनिधि मण्डल की 30 अक्टूबर एवं नौ नवम्बर 2023 को हुई वार्ता में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण किये जाने के लिए समिति बनायी गई, परन्तु शिक्षकों की समस्याओं का समाधान नही किया गया। उन्होने समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग भी की है। इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, अरिंवद कुमार जैन, राजीव सोंलकी, मनोज सक्सेना, सौरभ श्रीवास्तव, ब्रजभान सिंह, अर्चना शंखधार, ध्रुव कुमार, सोनल जोशी, कुवंरपाल, रोहिताश कुमार, क्षमा कुमारी, ओमप्रकाश, प्रियंका राठौर, राधावल्लभ उपाध्याय आदि शिक्षक मौजूद रहे।

























