
राजकीय महाविद्यालय में खेलकूद प्रतियोगिता शतरंज में हिस्सा लेतीं छात्राएं।स्रोत-संस्थान
दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता : बैडमिंटन में हर्षित बने चैंपियन
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। राजकीय महाविद्यालय में दो दिवसीय इंडोर क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में मंगलवार को पहले दिन छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बैडमिंटन प्रतियोगिता में हर्षित चैंपियन बने। जबकि शतरंज में रनील और छाया ने बाजी मारी।
प्रतियोगिताओं का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने किया। छात्र वर्ग की शतरंज प्रतियोगिता में बीएससी द्वितीय सेमेस्टर के रनील कुमार ने बीएससी पंचम सेमेस्टर के पूर्व चैंपियन अनुपम निधि बिसारिया को कड़े मुकाबले में हराकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। छात्राओंं की शतरंज प्रतियोगिता में एमए तृतीय सेमेस्टर की छाया चैंपियन रहीं।
दूसरे स्थान पर शगुन शर्मा और तीसरे स्थान पर अंशिका सिंह रहीं। बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला। बीएससी प्रथम सेमेस्टर के हर्षित कुमार ने बीएससी पंचम सेमेस्टर के और पिछले साल के चैंपियन शशांक पाराशरी को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
छात्राओं की युगल बैडमिंटन में दिशा पाराशरी व साक्षी पाराशरी की जोड़ी ने पहला, उपासना और प्राची सिंह ने दूसरा, वर्षा देवी और अंशिका पाल की जोड़ी ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस मौके पर डॉ. सचिन राघव, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. सारिका शर्मा, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. संजय कुमार आदि रहे। संचालन क्रीड़ा सचिव डॉ. हुकुम सिंह ने किया।

























