- हिंदी समाचार
- राष्ट्रीय
- विपक्षी नेताओं की खरीद-फरोख्त पर मल्लिकार्जुन खड़गे का पीएम मोदी से सवाल
पुणे5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा जिस तरह से विपक्षी नेताओं को अपने खेमे में शामिल कर रही है, उसे लेकर उन्होंने पीएम मोदी से बात की है। उन्होंने पीएम से कहा कि नेताओं को डराकर उन्हें भाजपा जॉइन कराई जा रही है।
खड़गे ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के लोनावला में कांग्रेस कार्यकारिणी अध्यक्षों के दो-दिवसीय ट्रेनिंग कैंप का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही। यहां उन्होंने कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के भाजपा जॉइन को लेकर कहा कि पाला बदलना कायरता की निशानी है।
खड़गे ने पीएम से पूछा- भाजपा की खुराक कितनी है
खड़गे ने कहा, ‘संसद में चाय पर बैठक के दौरान उन्होंने पीएम से पूछा था कि भाजपा और कितने लोगों को अवैध रूप से अपने से जोड़ने वाली है। कई मंत्री और पूर्व मुख्य मंत्री भाजपा से जुड़ रहे हैं। मैंने पीएम से पूछा कि भाजपा की खुराक कितनी है।’
खड़गे ने बताया, ‘पीएम ने मुझे जवाब दिया कि अगर लोग भाजपा से जुड़ना चाहते हैं तो मैं क्या कर सकता हूं। मैंने उन्हें बताया कि भाजपा के लोग नेताओं-मंत्रियों को डरा-धमकाकर उन्हें पार्टी में शामिल करवा रहे हैं। इसके जवाब में पीएम बोले कि लोग सरकार का काम देखकर भाजपा से जुड़ना चाह रहे हैं।’
खड़गे बोले- जिन्हें वोटर्स ने बड़ा नेता बनाया, वे भाग गए
खड़गे ने विपक्षी दल छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पार्टी वर्कर्स और वोटर्स ने कुछ लोगों को बड़ा नेता बनाया, लेकिन बड़ा नेता बनकर वे भाग गए। ये और कुछ नहीं बल्कि कायरता से भरा कदम है।
खड़गे ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें डरना नहीं है। अगर हम डर गए, तो हम खत्म हो जाएंगे। लेकिन अगर हम लड़ेंगे तो हम जिएंगे और एक दिन जीत हमारी होगी।

























