
राठ में जलालपुर रोड पर दुर्घटनाग्रस्त डंपर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हमीरपुर जिले में जलालपुर मार्ग पर नंदना गांव के पास बालू खाली करते समय प्रेशर सिलेंडर फटने से डंपर की बॉडी केबिन पर जा गिरी। दुर्घटना में डंपर चालक की केबिन में फंसकर मौत हो गई। जेसीबी मशीन की मदद से करीब एक घंटे बाद शव को निकाला जा सका। इस दौरान करीब दो घंटे तक सड़क पर जाम रहा।
कस्बे के लुधियातपुरा मोहल्ला निवासी आमिर ने बताया कि नंदना गांव में नाला व सीसी सड़क का निर्माण चल रहा है, जिसमें डंपर से बालू डालने गए थे। डंपर कांशीराम कालोनी निवासी देवी सिंह विश्वकर्मा (35) चला रहे थे। नंदना गांव के पास बालू खाली करते समय प्रेशर सिलेंडर टूटने से डंपर की बॉडी केबिन पर पलट गई। चालक देवी सिंह स्टेयरिंग में फंस गए और मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालने का प्रयास किया पर सफलता नहीं मिली। जेसीबी मशीन से बालू हटाई गई। करीब एक घंटे बाद शव को बाहर निकाल पाए। मृतक मूलरूप से करगवां गांव के निवासी थे। पत्नी उपासना, पुत्र सचिन (8), अभिषेक, रौनक व गौरव का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी की मोर्चरी में रखा दिया है।

























