बिल्सी। थाना क्षेत्र के गांव फतेह नगला में बीती 30 जनवरी की रात एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर की चारपाई पर मिला था। सूचना पर थाना पुलिस ने उसके शव का पंचनामा भर पीएम कराया ताकि मौत का कारण स्पष्ट हो सके।
अब इस मामले में थाना पुलिस ने मृतका के पिता की ओर से पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर इसकी जांच करने में जुट गई है पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव बांस बरोलिया निवासी एवं मृतका के पिता पृथ्वीराज ने बताया कि उसने अपनी पुत्री मोनिका ऊर्फ मोनी का विवाह बीती आठ मई 2022 को फतेह नगला निवासी रनवीर सिंह पुत्र रामसिंह के साथ किया था। उसने शादी में बाइक, सोने की चैन, सोने की अंगूठी, डबल बैड, फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, वर्तन कपड़े व समस्त ग्रहस्थी का सामान दिया था। शादी में करीब सात लाख रूपये खर्च किया था। विवाह के बाद से ही पुत्री का पति रनवीर, ससुर राम सिंह, जेठ वेदप्रकाश, कृपाल, जिठानी विनीता, रेखा उसकी पुत्री को शादी में कम दहेज लाने के कारण लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। उसका पति रनवीर दहेज में दो लाख रूपये और बिल्सी में सौ गज का एक प्लाट मायके से दिलाने के लिए आये दिन प्रताड़ित करता था। जिसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई ।लेकिन उक्त सभी दहेज लोभियों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर बीती 29 जनवरी की मध्य रात्रि को एक राय होकर उसकी पुत्री मोनी के मुँह में कपड़ा ठूस कर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। जिसकी सूचना उन्हें गांव के लोगों द्वारा दी गई। वह अपने परिजनों के साथ पुत्री के घर फतेहनगला सुबह पहुँचे तो वहाँ पर पुत्री मोनी की लाश चारपाई पर पड़ी थी। ससुर को छोड़कर सभी आरोपी घर से हत्या करने के बाद भाग गये। एसएचओ ब्रजेश कुमार ने बताया कि उक्त प्रकरण में मृतका के पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।

























