
आरोपी चालक लखन। स्रोत आरपीएफ
– गेटमैन ने चालक के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर
– फरीदपुर से चीनी लादकर गुजरात जा रहा था ट्रक
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बरेली-बदायूं हाईवे पर बुधवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने मलगांव रेलवे फाटक का बूम तोड़ दिया। इसमें चालक को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। गेटमैन ने ट्रक चालक के खिलाफ आरपीएफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। आरपीएफ ने बृहस्पतिवार को चालक को रेलवे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
हादसा बुधवार शाम करीब 6:30 बजे का है। उस दौरान एक ट्रेन आने की वजह से मलगांव रेलवे फाटक बंद किया गया था। बदायूं की ओर दो-तीन वाहन खड़े थे लेकिन बरेली की ओर से कोई वाहन नहीं था। उसी समय बरेली की ओर से एक ट्रक तेज रफ्तार में आया और जाकर क्रॉसिंग से टकरा गया, इससे फाटक का एक बूम टूट गया।
आसपास के लोगाें ने चालक को पकड़ लिया। इस दौरान कुछ देर के लिए क्राॅसिंग पर रस्सी बांधनी पड़ी। सूचना पर एसआई आरपीएफ संदीप कुमार मौके पर पहुंच गए। चालक ने अपना नाम लखन निवासी भरतपुर बताया। वह फरीदपुर से चीनी लादकर गुजरात जा रहा था। गेटमैन शिव प्रसाद यादव ने ट्रक चालक लखन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बृहस्पतिवार को बूम ठीक करा दिया गया।

























