होम राज्य उत्तर प्रदेश मुरादाबाद में बदला मौसम, आसमान में बादल छाए रहने से बढ़ी ठिठुरन,...

मुरादाबाद में बदला मौसम, आसमान में बादल छाए रहने से बढ़ी ठिठुरन, बारिश की संभावना – अमर उजाला हिंदी समाचार लाइव


मुरादाबाद में बदला मौसम, आसमान में बादल छाए रहने से बढ़ी ठिठुरन, बारिश की संभावना

मुरादाबाद में सोमवार को बादल छाए रहे
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार


मुरादाबाद में सोमवार सुबह से ही बादल छाए रहे। इससे एक बार फिर से ठंड में इजाफा हुआ। रविवार को बारिश होने से ठिठुरन रही। हालांकि न्यूनतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। फरवरी शुरु होने के साथ ही मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया है।

दो दिन चटख धूप निकलने से तापमान सामान्य हो गया था। शनिवार शाम से फिर मौसम में बदलाव हुआ और घने बादल छा गए। इससे रविवार सुबह बारिश हुई और ठिठुरन बढ़ गई है। बीच-बीच में धूप भी निकल रही है। शाम को फिर घने बादल छा गए।

मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट और न्यूनतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक था। सुबह वातावरण में नमी 91 फीसदी और शाम को नमी 88 फीसदी रही। सुबह बारिश 2.4 मिलीमीटर और शाम को बारिश .4 मिलीमीटर रही। हव पूरब से पश्चिम दिशा में पांच से दस किलोमीटर प्रति घंटा रही।

पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि सोमवार को बादल छाने के अलावा कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। मंगलवार को धूप निकलने का अनुमान है। इससे गलन के स्तर में कमी आएगी। 15 फरवरी के बाद तेजी से गर्मी बढ़ने का अनुमान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here