
समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बैंक में घुसे सांड का वीडियो एक्स पर शेयर किया है. उन्होंने कहा कि सांड को भी 15 लाख रुपये मिलने की उम्मीद होगी.
उन्नाव जिले में कड़ाके की ठंड के चलते अब जानवर भी परेशान होने लगे हैं. इसी बीच उन्नाव से एक चौंका देने वाली तस्वीर सामने आई है. दरअसल, यहां ठंड से ठिठुरते एक सांड ने बैंक में शरण ले ली. जानकारी के अनुसार घटना उत्तर प्रदेश के उन्नाव के SBI बैंक की है। सोशल मीडिया पर आते ही वीडियो को जमकर शेयर किया जा रहा है। आसपास के लोगों ने बताया कि सांड आराम से रोड़ पर घूम रहा था। अचानक से दोपहर करीब 12 बजे बैंक में घुस गया। सांड को बैंक में देख लोग खुद को बचाने के लिए इधर- उधर भागने लगे। बैंक में भयावह माहौल बन गया था। काफी देर मशक्कत के बाद गार्ड और लोगों ने सांड को बैंक से बाहर निकाला। तब जाकर बैंक में सभी लोग सामान्य हुए।
वीडियो में आप देख सकते हैं कि सांड़ के घुसने से बैंक में अफरातफरी मच गई। ग्राहक इधर-उधर भागने लगे। सिक्योरिटी गार्ड और लोगों की मदद से उसे भगाया गया। बैंक के शाखा प्रबंधक ने गौरव सिंह ने बताया कि जैसे ही सांड बैंक में घुसा उसे तुरंत भगा दिया गया। घटना में किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।
अखिलेश यादव का बीजेपी पर तंज
अखिलेश यादव ने बुधवार को एक्स पर सांड के बैंक में घुसने का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “सांड की क्या गलती है, किसी ने कह दिया होगा कि भाजपा सबके खाते में 15 लाख रुपये दे रही है, तो वो भी भ्रम और बहकावे में बैंक पहुंच गया होगा.” वहीं सपा ने एक्स पर पोस्ट किया, “हाल-ए-उत्तर प्रदेश- बैंको में भी घूम रहे सांड. उन्नाव में एसबीआई बैंक में घुसा सांड, कैश काउंटर पर पहुंचा. भाजपा सरकार में सड़कों पर तो सांड का उत्पात था ही, अब बैंक का ग्राहक भी बना. यूपी को सांड प्रदेश बनाने पर तुले भाजपाई.”
“किसानों को अपना खेत तार लगाके बचाना पड़ रहा है”
सपा चीफ ने साथ ही कहा कि राज्य में किसान आवारा पशुओं की समस्या से परेशान हैं. आज बिजली महंगी है, हमारे किसानों को अपना खेत तार लगाके बचाना पड़ रहा है, स्वास्थ्य सेवाएं ठप हो चुकी हैं, अस्पतालों में इलाज नहीं है. सपा सरकार में जिन मेडिकल कॉलेजों को बनाया गया था वो भी आज नहीं चलाए जा रहे हैं. बड़े पैमाने पर लूट भाजपा सरकार में हो रही है. 2024 में बीजेपी की हार होगी

























