
कर्नाटक के हावेरी जिले में 7 जनवरी को 6 लोगों ने एक होटल के रूम में घुसकर एक कपल के साथ मारपीट की थी। आरोपियों ने इसका वीडियो भी बनाया था।
कर्नाटक के हावेरी जिले में एक होटल में इंटर-रिलिजन कपल के साथ मारपीट मामले में पीड़ित महिला ने गैंगरेप का आरोप लगाया है। महिला ने गुरुवार (11 जनवरी) को सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो जारी किया।
इसमें उसने बताया कि होटल रूम में जबरन घुसे 6 लोगों ने पहले मारपीट की। फिर उसे जंगल में ले गए। वहां 6 आरोपियों के साथ एक अन्य ने उसके साथ बारी-बारी से रेप किया। इसके बाद आरोपियों ने उसे कार में विकार पूरे शहर में घुमाया।
पुलिस ने महिला के आरोपों पर कहा कि हमें रेप के बारे में पहले नहीं बताया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स में महिला के वीडियो की जानकारी के बाद पता चला। हावेरी SP अंशु कुमार ने कहा- हमने महिला को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया।
इसके बाद CrPC की धारा 164 के तहत बयान दर्ज किया गया है। अब तक तीन लोगों को अरेस्ट किया गया है। एक अस्पताल में है। तीन अन्य आरोपी फरार है।
जानिए पूरा मामला…

7 जनवरी को 6 लोगों ने एक होटल के रूम में घुसकर कपल से मारपीट की। इसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया। यह उसका स्क्रीनशॉट है।
7 जनवरी को हावेरी के एक होटल रूम में 6 लोग जबरन घुस गए। रूम के अंदर एक कपल था। आरोपियों ने कपल के साथ मारपीट की। उनका कसूर सिर्फ इतना था कि ये दोनों अलग-अलग धर्म से थे। आरोपियों ने कपल को लात-घूसे मारते हुए घटना का वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा गया कि हमलावर कमरे के बाहर खड़े हैं। वो दरवाजा खटखटाकर उसके खुलने का इंतजार करते हैं। जैसे ही भीतर से एक पुरुष ने कमरे का दरवाजा खोला। वैसे ही सारे आरोपी भीतर घुस जाते हैं। कुछ हमलावर महिला की ओर बढ़ते हैं, जो उन्हें देखकर अपना चेहरा ढकने लगती है।
तभी एक हमलावर उसे इतनी जोर से मारता है कि वह जमीन पर गिर जाती है। आरोपियों ने महिला के साथ मौजूद पुरुष के साथ भी मारपीट की। उसने भागने की कोशिश की तो दो-तीन हमलावरों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई करते हैं।
पिटाई की वजह से महिला बेड के कोने में जाकर छिप जाती है। इस दौरान एक आरोपी पहले तो उसे फिर से थप्पड़ मारता है और फिर उसे खींचते हुए कोने से बाहर निकालता है। पूरे वीडियो में हमलावर भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए सुने जा सकते हैं।
किसी संगठन से नहीं जुड़े हमलावर: पुलिस
एसपी अंशु कुमार ने कहा कि सभी बदमाश स्थानीय थे और किसी संगठन से जुड़े नहीं थे। होटल में घुसकर मारपीट करने वाले 6 आरोपी अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। शुरुआत में यह एक हमले का मामला था और दो लोगों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, पीड़ितों के बयान के आधार पर आरोपियों पर रेप, किडनैपिंग, हमला और हत्या की कोशिश जैसी धाराएं लगाई गई हैं।
6 जनवरी को बेलगावी में हुई थी ऐसी घटना
कर्नाटक में 6 जनवरी को एक ऐसी ही घटना हुई थी। बेलगावी में चचेरे भाई बहन को इंटर-रिलिजन जोड़ा समझकर पीटा गया था। इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जो अल्पसंख्यक समुदाय से थे। पुलिस को बताया कि उनको कई घंटे तक पीटा गया। इस दौरान उनका मोबाइल और पैसे छीन लिए गए।
ये खबर भी पढ़ें…
मणिपुर के परिवार से दिल्ली में मारपीट; आरोपियों ने भद्दे कमेंट किए

दिल्ली की सनलाइट कॉलोनी में मणिपुर के एक परिवार के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। 7-8 लोगों के एक ग्रुप ने दो पुरुषों और दो महिलाओं को बीच सड़क पर घसीटकर लात-घूंसों से मारा। घटना को पास के एक घर से किसी शख्स ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर…