
शहर के बाजार की दुकानों पर तिरंगा खरीदता ग्राहक
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान पूर्ण होने के बाद अब गोरखपुर में तिरंगे के बाजार में तेजी आ गई है। सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद मंगलवार को नखास चौक और पांडेयहाता में दुकानें खुलीं तो तिरंगे को खरीदने के लिए फुटकर व्यापारियों समेत अन्य लोग भी पहुंचने लगे।
शहर में सोमवार को लोग श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर उत्साहपूर्वक आयोजन कर रहे थे। हर किसी को भगवा ध्वज, गुब्बारे, फूल और झालरों की तलाश थी। एक अनुमान के मुताबिक 14 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ, लेकिन सामान ही कम पड़ गया। उसके बाद मंगलवार को नखास चौक पर दुकानें खुली तो तिरंगा ध्वज खरीदने के लिए लोग पहुंचने लगे।
नखास चौक पर झंडे खरीद रहे बेलवार क्षेत्र के आतिश ने बताया कि तिरंगे झंडा सहित अन्य सामान खरीदा है। जितने उत्साह से प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव मनाया गया, उसी उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस भी मनाएंगे। इसी दुकान पर मिले महराजगंज के गुड्डू ने बताया-फुटकर दुकानदार हैं। अब तक भगवा सामान की इतनी मांग थी कि झंडे की ओर रूझान कम ही था। जितना कारोबार दस दिन में होता था, उतना तीन दिन में होने की संभावना है।

























