
बरेली फायर न्यूज़
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के फरीदपुर कस्बे के मोहल्ला फर्रखपुर में आग से पांच लोगों की मौत के मामले में घर में तलाशी के दौरान पुलिस को परिवार के मुखिया अजय का मोबाइल फोन जली हालत में मिला। वहीं, उनकी पत्नी अनीता का मोबाइल फोन अभी तक नहीं मिल सका है। दोनों नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया है। इससे अहम राज खुलने की उम्मीद है।
एसपी देहात ने पुलिस टीमों को गली-मोहल्ले के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने का निर्देश दिया है। इससे परिचित या अपरिचित लोगों की रात के वक्त आवाजाही को लेकर स्थिति साफ हो जाएगी।
उस वक्त घर के नजदीक पाए जाने वाले मोबाइल नंबरों का भी परीक्षण किया जाएगा। मलबे में अजय का मोबाइल फोन मिल गया है। परिजनों का दावा है कि अनीता के पास भी मोबाइल फोन था। अब इनमें से किसी नंबर पर कॉल नहीं जा रही है।
परिजनों को शक है कि हत्यारोपी मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए होंगे, जबकि पुलिस मान रही है कि दूसरा मोबाइल फोन आग में नष्ट हो गया होगा। हालांकि, एसएसपी ने रविवार को ही दोनों नंबरों को सर्विलांस पर लगवा दिया था।

























