होम राज्य उत्तर प्रदेश पीएम आवास के लिए 30 हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले पीओ...

पीएम आवास के लिए 30 हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले पीओ डूडा निलंबित – अमर उजाला हिंदी समाचार लाइव

पीएम आवास के लिए 30 हजार रुपये रिश्वत लेने वाला पीओ डूडा निलंबित

पीएम आवास योजना के लिए दिए 30 हजार रुपये
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार


प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर की गई उगाही की एक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शासन ने यहां डूडा के परियोजना अधिकारी (पीओ) को निलंबित करने के साथ सिविल इंजीनियर को बर्खास्त कर दिया है। इसके साथ ही पीएम आवास शहरी के प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग के लिए नामित संस्था को डिबार किया गया है।

जिले भर में विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें जिले के सभी जनप्रतिनिधि पहुंच रहे हैं जो लोगों को मोदी सरकार की ओर से किए गए कार्यों के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इसी क्रम में तीन दिन पहले उसावां में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर आंवला के सांसद धर्मेंद्र कश्यप, दातागंज के विधायक राजीव कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

इस दौरान सांसद ने पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से चाबियों का वितरण किया। आंवला के सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने एक लाभार्थी से पूछा कि आवास की किस्त पाने में उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत तो नहीं होती, कोई पैसा तो नहीं देना पड़ता। इस पर नगर पंचायत उसावां के वार्ड नंबर तीन की निवासी बुजुर्ग महिला शारदा ने शिकायत की कि पीएम आवास के नाम पर उनसे 30 हजार रुपये लिए गए।

इस पर सांसद ने पीओ डूडा को उसी समय पूरे मामले की जांच के निर्देश दे दिए, जिससे उस समय मामला शांत हो गया। इस बीच किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल कर दिया। जिसका संज्ञान शासन स्तर से लिया गया। इसी क्रम में अब सूडा के अपर निदेशक आनंद कुमार शुक्ला ने जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के परियोजना निदेशक देवेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है।

देवेश कुमार, उप्र सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के मूल कर्मी है। उन्हें अभिकरण में प्रतिनियुक्ति के आधार पर परियोजना अधिकारी के पद पर तैनात किया गया था। इसके अलावा इस मामले में जिला नगरीय विकास अभिकरण में तैनात म्युनिसिपल / सिविल इंजीनियर शिव कुमार को बर्खास्त करने के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग के लिए नामित संस्था सरयू बाबू इंजीनियर फॉर रिसोर्स डेवलमेंट को डिबार कर दिया गया है।

अखिलेश यादव ने उठाए थे सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर इस वीडियो को लेकर भाजपा पर निशाना साधा था। वहीं शिवपाल यादव ने भी टिप्पणी की थी।

शासन स्तर से इस मामले में कार्रवाई की गई है। जांच भी कराई जा रही थी। सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्ति को मिले, इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।– मनोज कुमार, डीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here