
हयातनगर से कुंदन नगला को जाने वाली सड़क का हाल। संवाद
30 गांवों का किया गया चयन, 20-20 लाख रुपये आवंटित
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना से गांवों की दशा और दिशा दोनाें में सुधार किया जाएगा। इसके लिए शासन ने जिले के 30 गांव का चयन किया है। साथ ही शासन स्तर से 20-20 लाख रुपये प्रत्येक गांव के लिए आवंटित किए गए है।
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना (पीएमएजीवाई) से अनुसूचित जाति व जनजाति के 50 प्रतिशत आबादी वाले गांवों में अब विकास का पहिया तेजी से घूमेगा। शासन ने जिले के 30 गांवों का चयन किया है। दरअसल, आदर्श ग्राम योजना एक ऐसी संकल्पना है, जिसमें लोगों को विभिन्न बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की परिकल्पना की गई है।
इससे समाज के सभी वर्गों की न्यूनतम आवश्यकताओं की पूर्ति हो सकेगी। साथ ही समाज का चहुंमुखी विकास होगा। इसको साकार करने के लिए शासन स्तर से प्रत्येक गांव के लिए 20-20 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी है। जिससे चयनित गांवों में काम होंगे।
इन कार्यों पर होगी धनराशि खर्च
पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण, समाज सुरक्षा, ग्रामीण सड़कें, आवास, विद्युत, स्वच्छ ईंधन, कृषि पद्धतियां, वित्तीय समावेशन, डिजिटलीकरण, जीवन-यापन और कौशल विकास।
–
यह हैं चयनित गांव
कुनार, अमिलिया, ललेई, रजलामई, फकीराबाद, नाई पिंडरी, कुर्दनी, रामपुर टांडा, हयातनगर, डलवा सहीदा, कुठिया, सोवनपुर, फरीदापुर साहनी, सूजरपुर, नरऊ बुजुर्ग, त्रिलोकपुर, अलीपुर चाचीपुर, कनगावन गगउआ, छतुईया, दौलतपुर, मदनजुड़ी, टिकरी पुख्ता, मिर्जापुर अतिराज, अटैना पुख्ता, अहरौली, अलापुर पट्टी चंदीफाजिल, ईमादपुर, तखौरा, बरवारा, फतेह नगला।
–
शासन ने 30 गांवों का चयन किया है। इसको लेकर धनराशि आवंटित कर दी गई है। प्रत्येक गांव को 20-20 लाख रुपये दिए गए है। इस धनराशि से विकास के मद्देनजर काम कराया जाएगा।
-राम जनम, जिला कल्याण अधिकारी

























