मृतक दिलीप (गाड़ी मालिक)
- पड़ोसी गांव के युवक ने मोबाइल पर बुक की थी कार, आरोपी लापता
बदायूँ।उसहैत थाना क्षेत्र में खेड़ा जलालपुर के नजदीक कार चालक की हत्या योजना बनाकर की गई थी। उसको कॉल करके पड़ोसी गांव रसीदपुर बुलाया गया था और उसकी कार फर्रुखाबाद के लिए बुक की गई थी। अब कार बुक करने वाला युवक भी लापता बताया जा रहा है। उसहैत थाना पुलिस ने कार चालक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। इस मामले की विवेचना एटा के जैथरा थाने से होगी।
रविवार शाम उसहैत थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा जलालपुर के नजदीक बाजरे के पूलो के ढेर में 28 वर्षीय कार चालक दिलीप का शव मिला था। दिलीप पुत्र देशराज एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र के गांव लहचोरा का रहने वाला था। परिवार वालों के मुताबिक दिलीप जैथरा में ठेला लगाकर मोमोज बेचने का काम करता था। कुछ दिन पहले उसने एक पुरानी इको कार खरीदी थी।
तब से वह कार को भी बुकिंग पर चला रहा था। परिवार वालों का कहना है कि चार जनवरी की शाम नजदीकी गांव रसीदपुर से दिलीप के मोबाइल पर कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने मोबाइल पर ही उसकी कार फर्रुखाबाद के लिए बुक की थी। इसके बाद दिलीप कार लेकर घर से निकल गया था।
कॉल करने वाले ने बताया था कि उसे अपने गांव से फर्रुखाबाद के ढाकन गढि़या गांव जाना है। जब दूसरे दिन तक दिलीप घर नहीं आया तो परिवार वालों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। कॉल की पर मोबाइल बंद निकला। परिवार वालों ने फर्रुखाबाद के कुछ रिश्तेदारों से ढाकन गढि़या गांव के बारे में पता किया तो उन्होंने ऐसा कोई गांव होने से इन्कार कर दिया। इससे परिवार वालों ने जैथरा थाने में जाकर दिलीप की गुमशुदगी दर्ज करा दी।
इधर, रविवार सुबह उसकी कार पटियाली के नरथर रेलवे स्टेशन के नजदीक खड़ी मिली। सूचना पर जैथरा पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। कार बुक करने वाले युवक को तलाश किया गया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। बाद में परिवार वालों को उसका शव उसहैत में मिलने की जानकारी हुई।
उसहैत पुलिस ने सोमवार को चालक दिलीप के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह ने बताया कि दिलीप की गुमशुदगी जैथरा थाने में दर्ज है। इससे पूरे मामले की कार्रवाई वहीं से होगी।
परिवार वालों का शक, पुरानी रंजिश में हुई हत्या
कार चालक के भाई राजू ने बताया कि उनका कुछ लोगों से करीब साढ़े चार बीघा खेत को लेकर विवाद चल रहा है। सात-आठ साल पहले दिलीप के पिता देशराज पर गोली चलाई गई थी। अनुमान है कि उसी रंजिश के चलते दिलीप की हत्या कराई गई है।
छह भाइयों में दूसरे नंबर का था दिलीप
एटा निवासी दिलीप छह भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। उसकी पत्नी सुमन और परिवार वालों का बुरा हाल है।

























