होम राज्य उत्तर प्रदेश अमरोहा: खेत में पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव, गजरौला पुलिस...

अमरोहा: खेत में पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव, गजरौला पुलिस कर रही जांच – अमर उजाला हिंदी समाचार लाइव


अमरोहा: खेत में पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव, गजरौला पुलिस जांच में जुटी

गजरौला में घटना के बाद मौके पर जुटे लोग
– फोटो : संवाद

विस्तार


विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। मौके पर पहुंचे मायके वालों ने पति, सास और देवर पर हत्या करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। इसके बाद आसपास के ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए। पुलिस ने शव को नीचे उतारा। हसनपुर से नायब तहसीलदार को बुलाया गया।

हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव लुहारी खादर निवासी मोमराज सिंह ने अपनी बेटी नीरज (23) की शादी पांच वर्ष पूर्व गजरौला थाना क्षेत्र के सुल्तानठेर मोहम्मदपुर गांव निवासी समरपाल के साथ की थी। उनका कहना है कि शादी में हैसियत से भी अधिक दान दहेज दिया था। इसके बाद भी ससुराल वाले खुश नहीं थे।

कम दहेज बताकर नीरज को प्रताड़ित करते थे। उसका पति आए दिन मारपीट करता था। सोमवार की सुबह नीरज का उसकी सास व देवर से विवाद हुआ था। शाम करीब साढ़े चार बजे नीरज का शव गांव निवासी के खेत में पॉपुलर के पेड़ पर फंदे पर लटका देखा। उसके गले में दुपट्टा बंधा हुआ था।

सूचना पाकर इंस्पेक्टर क्राइम बालेंद्र सिंह, एसएसआई ब्रजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को नीचे उतारा गया। इस दौरान मृतका के पिता ने पति, सास, देवर पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने हसनपुर के नायब तहसीलदार को बुलाकर उनकी मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला है। उसने खुदकुशी की है। तहरीर मिलने पर मृतका के परिजनों की तहरीर पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया जाएगा।

पिता बोले,  सुबह नौ बजे से गायब थी नीरज

जिस विवाहिता का शव खेत में पॉपुलर के पेड़ पर लटका मिला, उसके पिता मोमराज सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही बेटी का उत्पीड़न शुरू कर दिया। उनको बेटी की मौत की जानकारी मिली तो फौरन यहां पर पहुंचे। इस दौरान उनको ग्रामीणों ने बताया कि सुबह उसके साथ मारपीट की गई थी।

इसके बाद सुबह नौ बजे से वह गायब हो गई। मगर ससुराल वालों ने उसे तलाश नहीं किया। उनको भी सूचना नहीं दी गई। उनकाे अन्य किसी ग्रामीण ने फोन कर मौत की खबर दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here