बदायूं। आवास विकास परिषद ने सन 2020 में दूसरे चरण में प्लॉटों का आवंटन किया था। प्लाॅट खरीदने वालाें के लिए सड़क, पानी समेत अन्य सुविधाओं को पूरा करने के लिए तीन साल का समय लिया था। तीन साल जनवरी में पूरे हो रहे है, लेकिन सभी सुविधाएं परिषद की तरफ से पूरी नहीं हो सकी हैं इसमें अभी और समय लग सकता है। ऐसे में लोगों को फिलहाल अप्रैल तक इंतजार करना पड़ेगा।
लंबे समय बाद वर्ष 2020 में लॉटरी सिस्टम से प्लॉट दिए गए थे। आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवास विकास परिषद ने सभी लोगों को इस बात का भरोसा दिया था कि तीन वर्ष के अंदर कॉलोनी को पूरी तरह विकसित कर दिया जाएगा और उन्हें उनके प्लाॅट पर कब्जा दे दिया जाएगा। तीन बर्ष का समय पूरा होने वाला है लेकिन अभी भी काफी कार्य होना शेष है।ऐसे में लोग काफी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि नए साल में वह अपना घर बनाने का काम शुरू करा देंगे, लेकिन उनकी उम्मीदों को फिलहाल झटका लगा है।आवास विकास परिषद इस बात की प्रतीक्षा कर रहा है कि फेस टू कॉलोनी में अवशेष आवासीय प्लाॅट का आवंटन जल्द हो। इसके लिए वह उच्च अधिकारियों के निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं
प्लाॅट खरीदने वाले लोगों को तीन साल का समय दिया गया था, लेकिन तय समय में सभी सुविधाएं पूरी नहीं हो पाई हैं। अप्रैल तक उनको पूरा करके लोगों को प्लाट हैंडओवर कर दिए जाएंगे।

























