मथुरा। राजस्थान के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री भजनलाल की कार का मथुरा और भरतपुर जिले के बीच में हादसा हो गया। राजस्थान के सीएम की कार हादसे की खबर जब अफसरों को लेकर तो यूपी से लेकर राजस्थान तक खलबली मच गई। आनन-फानन में यूपी और राजस्थान की पुलिस और अफसर मौके पर पहुंचे। कार को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

हादसा भरतपुर जिले के पूंछरी का लोटा नामक स्थान पर हुआ है। जानकारी के अनुसार राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल अपनी कार से भरत से गोवर्धन की तरफ आ रहे थे। रास्ते में अचानक से उनकी कार सड़क किनारे बने नाले में पहुंच गई। सीएम भजनलाल कार में जिस साइड में बैठे थे, उसी साइड का पिछले हिस्से का पहिया नाले में फंस गया। चालक ने कार को निकालने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं निकला। इसके बाद सीएम भजनलाल दूसरी गाड़ी पर बैठकर गोवर्धन के लिए रवाना हो गए। इस घटना में कोई भी चोटिल नहीं हुआ है। नाली में फंसी सीएम की गाड़ी का किसी ने वीडियो बनाया और फिर इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

























