
सर्दी से बचने को गर्म कपड़ो में जाते लोग। संवाद
बदायूं। शनिवार को भी सुबह से ही कोहरे की चादर फैली रही। ठंड का असर आम जनजीवन पर दिखाई दिया, जिसका असर बाजार पर भी पड़ा। दुकानें देर से खुलीं तो शाम को जल्दी उनके शटर गिर गए। हालांकि शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को ठंड का एहसास कुछ कम रहा लेकिन आने वाले दिनों में ठंड अपना असर दिखाएगी। हालांकि इस सप्ताह धूप निकलने के आसार बन रहे हैं लेकिन गलन बढ़ने से ठंड बढ़ जाएगी।
कई दिनों से ठंड अपना रंग दिखा रही है। सुबह से ही कोहरा छाने और धूप न निकलने के कारण ठंड अपने चरम पर है, जिसका सीधा असर लोगों की दिनचर्या पर पड़ रहा है। लोग सुबह देर से उठ रहे हैं तो शाम होते-होते घरों में दुबक जाते हैं। बाजार में भी इसका असर दिखाई दे रहा है। दुकानों पर ग्राहकों की कमी देखी जा रही है।
धूप के कारण तमाम दुकानदार भी हाथ पर हाथ धरे बैठे दिखते हैं। शनिवार को भी कोहरे का सितम जारी रहा, हालांकि सर्दी शुक्रवार की अपेक्षाकृत कुछ कम रही। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री तथा न्यूनतम 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था तो वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 21.3 तथा न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहा।
पिछले एक सप्ताह का तापमान
दिन अधिकतम न्यूनतम
30 दिसंबर 21.3 11.0
29 दिसंबर 22.2 10.7
28 दिसंबर 22.7 10.7
27 दिसंबर 23.4 14.0
26 दिसंबर 23.0 13.9
25 दिसंबर 20.5 9.9
24 दिसंबर 24.1 9.5
–
आने वाले दिनों में तापमान में कमी होने का अनुमान, गलन बढ़ेगी
रविवार से अगले सप्ताह शनिवार तक धूप निकलने के आसार तो बन रहे हैं लेकिन सर्दी परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ने वाली है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. आलोक सागर गौतम के अनुसार, आने वाले दिनों मे कोहरा छंटने और धूप निकलने का अनुमान है। इससे अधिकतम तापमान में तो आंशिक परिवर्तन होगा लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे गलन बढ़ जाएगी और शीतलहर अपना असर दिखाती रहेगी।
एक्यूआई में आई गिरावट से रही राहत
शनिवार को एक्यूआई मेें गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को जिले का एक्यूआई 93 रहा जबकि शुक्रवार को यह 105 दर्ज किया गया था। आने वाले दिनों में एक्यूआई में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। डॉक्टरों का कहना है कि 100 से अधिक एक्यूआई होने पर सांस संबंधी रोगियों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में विशेष सावधानी रखनी चाहिए।

सर्दी से बचने को गर्म कपड़ो में जाते लोग। संवाद

























