उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में दो बहनों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले से मृतक लड़कियों को जानते थे. मुख्य आरोपी छोटू ने दोनों लड़कियों की पहचान आरोपी से करवाई थी. आरोपी सोहेल और जुनैद ने दोनों लड़कियों के साथ रेप किया. पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है.मामला लखीमपुर के निघासन थाना इलाके के तमोलीन पुरवा गांव का है. यहां दो सगी बहनों के शव पेड़ पर लटके मिले थे.





लखीमपुर खीरी पुलिस ने सिर्फ 24 घंटे में दो दलित बहनों की हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है. पुलिस की माने तो दो दलित बहनों को बहलाया-फुसलाया गया, फिर हवस का शिकार बनाया और जुर्म छिपाने के मकसद से मारकर पेड़ से लटका दिया गया. इस बीच रेप के आरोपी जुनैद की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई, जिसमें उसके पैर में गोली लगी है.
लखीमपुर एसपी ने बताया कि लड़कियों का अपहरण नहीं हुआ था. दोनों बहनें अपनी मर्जी से बाइक पर बैठकर गई थीं.छोटी बहन की सोहेल से दोस्ती थी. बड़ी लड़की की दोस्ती जुनैद से थी. दोनों लड़कों की दोस्ती हाल ही में मुख्य आरोपी छोटू ने दोनों लड़कियों से पहचान आरोपियों से करवाई थी हालांकि, वह मौके पर मौजूद नहीं था. पुलिस के अनुसार आरोपी लड़कियों को बहलाफुसला कर अपने साथ ले गए. दोनों ने बहनों के साथ रेप किया. इसके बाद दोनों जब शादी का दबाव डालने लगीं तो सोहेल और जुनैद ने हफीजुल के साथ मिलकर दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद करीमुद्दीन और आरिफ को बुलाया गया. दोनों ने बहनों की लाश को पेड़ पर लटका दिया, इन दोनों आरोपियों ने सबूत मिटाने में मदद की है.
पुलिस ने बताया कि मामले में कुल 6 आरोपी हैं. आरोपियों में 1 हिंदू और बाकी 5 मुस्लिम हैं. सभी आपस में दोस्त हैं. पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों छोटू , जुनैद, सोहेल, हफीजुरहमान, करीमुद्दीन और आरिफ को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मुठभेड़ में जुनैद को गोली लगी है. छोटू लड़कियों का पड़ोसी है. जबकि 5 अन्य आरोपी लालपुर के हैं.
पुलिस ने बताया है 3 डॉक्टर का पैनल पोस्टमार्टम करेंगे. वीडियोग्रॉफी कराई जाएगी. इस दौरान पीड़िता के परिवार के लोग शामिल रहेंगे.
परिवार ने कहा- लड़कियों का अपहरण हुआ। हालांकि, मृतका का परिवार इस दावे को खारिज कर रहा है कि दोनों लड़कियों को बहला फुसलाकर ले जाया गया. मृतका के भाईयों का कहना है कि जब वारदात हुई तो पुलिस यहां मौजूद नहीं थी, हम यहां थे, हमने पूरी घटना देखी, मेरी बहनों को घसीटकर ले जाया गया था, उसे तीन युवक घसीटकर लेकर गए थे. मृतक लड़कियों की मां ने बताया कि बड़ी बेटी 17 और छोटी 15 साल की थी. दोनों घर के बाहर बैठी हुई थीं, इस बीच जब वह घर के अंदर गई तभी बाइक सवार 3 युवक पहुंच गए. उन तीनों मे से 2 लड़कों ने बेटियों को घसीटकर बाइक पर बैठा लिया और फरार हो गए. उसके बाद दोनों बेटियों के शव पेड़ पर लटके मिले थे.

























