सभी फोटो साभार : ANI
अयोध्या, 01 जून: भव्य राममंदिर के निर्माण के लिए आज का दिन काफी ऐतिहासिक है, क्योंकि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रोच्चार के बीच गर्भगृह के निर्माण के लिए पहली शिला रखी दी। शिला रखने के साथ ही आज से मंदिर का निर्माण शुरू हो गया है।




अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर के गर्भगृह की पहली ईंट रखी जा चुकी है.उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्ष पीठ के महंत योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आज अपने हाथों से गर्भगृह का पहला पत्थर रखा.इस प्रकार मंदिर निर्माण के दूसरे चरण का काम शुरू हो गया है.मंदिर का बेस तैयार हो चुका है और अब मुख्य निर्माण शुरू होगा.सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब मंदिर की शिलाएं रखी जाएंगी और मंदिर जल्द ही आकार लेने लगेगा.
सीएम योगी ने किया विधिवत पूजन
योगी आदित्यनाथ ने गर्भगृह की आधारशिला रखने से पहले विधिवत पूजन किया. महंत गोविंद गिरी की उपस्थिति में शिलापूजन हुआ. योगी आदित्यनाथ ने शिलापूजन करते हुए पत्थरों पर सीमेंट उड़ेला.
हनुमानगढ़ी में दर्शन करने पहुंचे योगी
बता दें कि प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सबसे पहले अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे. एयरपोर्ट से वह हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचे यहां दर्शन और आरती के बाद ही वह राम मंदिर परिसर के लिए रवाना हुए. राम मंदिर निर्माण स्थल पहुंच कर राम मंदिर के गर्भगृह के लिए शिलापूजन में शामिल हुए।
तैयारियों का लिया जायजा
राम मंदिर का निर्माण कई चरणों में होना है और इसमें लंबा समय भी लगेगा. मंदिर निर्माण का काम प्राइवेट कंपनी L&T को दिया गया है. इसके अलावा, पत्थरों को तराशने का काम भी तेजी से चल रहा है. सीएम योगी ने इन तैयारियों का जायजा लिया और मंदिर निर्माण की प्रक्रियाओं की जानकारी ली.
राम मंदिर के निर्माण के लिए काम कर रहे कारीगरों और आर्किटेक्ट को उनके योगदान के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित भी किया. निर्माण कार्य में लगी टीम के मुताबिक, मंदिर निर्माण का प्राथमिक चरण पूरा कर लिया गया है.
नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कैसे बनेगा राम मंदिर
राम मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्रा ने बताया, ‘मंदिर के मुख्य भाग का निर्माण कार्य आज से शुरू हो रहा है. हमारे पास तीन चरण का टाइम फ्रेम है- गर्भगृह का निर्माण कार्य 2023 तक, मंदिर का निर्माण कार्य 2024 तक और मंदिर परिसर का मुख्य काम 2025 तक पूरा किया जाना है
गर्भगृह का पहला पत्थर रखने के बाद सीएम योगी मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज से शिलाओं के रखने का काम तेजी से शुरू हो जाएगा। अब वो दिन दूर नहीं है जब मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर अयोध्या धाम में बनकर तैयार हो जाएगा। यह मंदिर भारत का राष्ट्र मंदिर होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 500 साल से देश के साधु-संत राम मंदिर आंदोलन को चला रहे थे, आज उन सभी लोगों के दिल को खुशी मिली होगी। सीएम कहा कि गोरक्षनाथ पीठ की तीन पीढ़ी इस मंदिर आंदोलन से जुड़ी हुई थी। कहा कि राम मंदिर भारत का राष्ट्रीय मंदिर होगा। लोग इस दिन का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। राम मंदिर भारत की एकता का प्रतीक होगा।

























