- मुलायम सिंह यादव की भतीजी व बदायूँ के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव की बहिन संध्या यादव को मिली शिकस्त ,संध्या ने मैनपुरी जिला पंचायत के वॉर्ड नंबर 18 से लड़ा था चुनाव ।
- राम गोपाल यादव के करीबी सदर विधायक राज कुमार यादव राजू की पत्नी वंदना यादव जिला पंचायत का चुनाव हारीं
- पश्चिमी यूपी के कई जिलों में चौधरी अजित सिंह की पार्टी राष्ट्रीय लोक दल को बढ़त
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के वोटों की गिनती जारी है। यह चुनाव सत्ताधारी बीजेपी के साथ-साथ विपक्षी समाजवादी पार्टी, बीएसपी और कांग्रेस के लिए भी अहम है। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं। गांव की सरकार के लिए हो रहे इस चुनाव में पार्टियों की असली ताकत जिला पंचायत से तय होगी। उसी पार्टी का जिले में अध्यक्ष बनेगा, जिसके ज्यादा जिला पंचायत सदस्य जीतते हैं। अब तक के रुझान और नतीजों के मुताबिक बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच करीबी टक्कर हो रही है। रिजल्ट से जुड़ा हर अपडेट जानने के लिए बने रहें स्वदेश केसरी के साथ…
1536 सीटों पर मिले रुझान और नतीजों के मुताबिक बीजेपी के कैंडिडेट 491 सीटों पर या तो जीत चुके हैं या आगे चल रहे हैं। वहीं मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी भी बीजेपी के करीब है। रुझानों में एसपी 364 सीटों पर आगे हैं। इसके अलावा बीएसपी 130 और कांग्रेस 52 सीटों पर आगे है। वहीं निर्दलीय और अन्य ने 499 सीटों पर बढ़त बनाई है। जिला पंचायत में किसी पार्टी का बोर्ड बनाने में निर्दलीय और अन्य की बड़ी भूमिका होगी। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के लोकसभा क्षेत्र अमेठी में जिला पंचायत की कई सीटों के नतीजे आ गए हैं। वॉर्ड 30 से बीजेपी के राजेश अग्रहरि जीते हैं। वहीं वॉर्ड नंबर 27 से पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति की बहू रेनू प्रजापति ने बतौर निर्दलीय चुनाव जीत लिया है। वॉर्ड 26 से बीजेपी के अभिषेक चंद कौशिक जीते हैं। वहीं वॉर्ड 2 से निर्दलीय उदयराज यादव जीते हैं। बलरामपुर जिला पंचायत के रुझानों में एसपी आगे है। जिला पंचायत के 7,9,21 और 11 वॉर्ड में एसपी आगे है। वहीं बीएसपी और निर्दलीय 2-2 सीटों पर आगे हैं। बीजेपी को फिलहाल एक सीट पर बढ़त मिली है।
सीएम योगी के गृह क्षेत्र गोरखपुर के दो वॉर्डों में बीजेपी प्रत्याशी जीते हैं। जिला पंचायत के वॉर्ड नंबर 38 उरुवा बेलघाट से डिंकू मिश्र और वॉर्ड नंबर-19 कैंपियरगंज से साधना सिंह विजयी हुई हैं। बताते चलें कि साधना सिंह बीजेपी विधायक फतेह बहादुर सिंह की पत्नी हैं। वॉर्ड नंबर-54 से निर्दलीय प्रत्याशी बिट्टू राय ने निकटम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के जितेंद्र सिंह को 432 वोटों से हराया। उधर गोंडा जिला पंचायत चुनाव में बीजेपी को झटका लगा है। बीजेपी समर्थित प्रत्याशी और अवध क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पीयूष मिश्रा यहां एसपी प्रत्याशी से चुनाव हार गए हैं। मनकापुर वॉर्ड नंबर-4 से एसपी प्रत्याशी विजय कुमार यादव ने पीयूष मिश्रा को 600 से ज्यादा वोटों से शिकस्त दी है।
पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में अभी जिला पंचायत की किसी सीट का नतीजा नहीं आया है। रुझानों के मुताबिक 40 में से 20 सीटों पर बीजेपी समर्थित प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। वहीं 7 सीटों पर कांटे की टक्कर बताई जा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर में जिला पंचायत की 68 सीटें हैं। यहां के दो जिला पंचायत वॉर्डों में बीजेपी को अभी जीत मिली है। अभी ग्राम प्रधान की 929 और क्षेत्र पंचायत सदस्य की 1023 सीटों का परिणाम घोषित हुआ है।
पश्चिमी यूपी के कई जिलों में चौधरी अजित सिंह की पार्टी राष्ट्रीय लोक दल को बढ़त मिलती दिख रही है। बागपत और मथुरा में जिला पंचायत की सीटों पर आरएलडी कैंडिडेट आगे बताए जा रहे हैं। अजित सिंह के गृहक्षेत्र बागपत में ज्यादातर सीटों पर आरएलडी आगे है। अगर रुझान नतीजों में बदलते हैं तो जाटलैंड में बीजेपी को बड़ा झटका लग सकता है। बागपत जिला पंचायत में 8 जबकि मेरठ और हाथरस में 4-4 सीटों पर आरएलडी आगे है। गाजियाबाद में भी कई सीटों पर आरएलडी कैंडिडेट आगे हैं।
75 जिलों में 3051 जिला पंचायत सीटें हैं। इनमें से 753 सीटों पर मिले रुझान और नतीजों के मुताबिक बीजेपी के कैंडिडेट 236 सीटों पर या तो जीत चुके हैं या आगे चल रहे हैं। वहीं मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी 218 सीटों पर आगे हैं। इसके अलावा बीएसपी 74 और कांग्रेस 53 सीटों पर आगे है। वहीं निर्दलीय और अन्य 172 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
इटावा जिला पंचायत में अखिलेश यादव और शिवपाल यादव की जुगलबंदी काम करती नजर आ रही है। यहां की 24 में से 18 सीटों पर एसपी और पीएसपीएल आगे बताए जा रहे हैं। अखिलेश के भतीजे अभिषेक यादव ने इटावा जिला पंचायत की वॉर्ड नंबर-2 सीट जीत ली है। हाल ही में बीजेपी में शामिल हुईं मुलायम सिंह यादव की भतीजी संध्या यादव को शिकस्त मिली है। संध्या ने मैनपुरी जिला पंचायत के वॉर्ड नंबर 18 से चुनाव लड़ा था। वहीं राम गोपाल यादव के करीबी सदर विधायक राज कुमार यादव राजू की पत्नी वंदना यादव जिला पंचायत का चुनाव हार गई हैं। मैनपुरी के वॉर्ड नंबर-28 से उन्हें एसपी के बागी कैंडिडेट से शिकस्त मिली है। बरेली जिला पंचायत की 60 सीटों में से 23 पर एसपी ने बढ़त बनाई है। यहां बीजेपी 17 सीटों पर आगे है। पीलीभीत जिला पंचायत सदस्य की 34 में से 23 सीटों का रुझान मिला है। यहां एसपी 14 और बीजेपी 9 सीटों पर आगे है। अयोध्या जिला पंचायत की 10 सीटों पर बीजेपी कैंडिडेट आगे चल रहे हैं।


























