- देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 89 हजार से ज्यादा मामले,714 की मौत
- कर्नाटक के एक स्कूल में 26 विद्यार्थी कोरोना संक्रमित, स्कूल – कॉलेज बंद,
- महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी होटल, रेस्त्रां, पब को किया बंद
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कक्षा आठ तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 11 अप्रैल तक बंद रखने के निर्देश दिए
नई दिल्ली: कहां एक वक्त देश में कोरोना के 10-12 हजार केस आने लग गए थे और कहां फिर से 80 हजार के पार आंकड़े मौत और बीमारी का आडंबर करने लग गए हैं. तो ऐसे में फिर ये सुगबुगाहट तेज हो गई कि क्या देश में फिर से लॉकडाउन लग सकता है? अगर देश में नहीं तो क्या कुछ राज्यों या फिर कुछ शहरों में लॉकडाउन लग सकता है? क्या कुछ राज्य लॉकडाउन पर विचार करने लगे हैं?
कोरोना पर कैबिनेट सचिव की बैठक
कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने कोरोना की स्थिति पर शुक्रवार को सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. इस दौरान विशेष रूप से उन 11 राज्यों के हालात पर चर्चा की गई, जहां स्थिति चिंताजनक बताई गई है. इन राज्यों में महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, केरल, गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा, तमिलनाडु और चंडीगढ़ शामिल हैं. महाराष्ट्र की हालत पर विशेष रूप से चिंता जताई गई. 31 मार्च तक के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 14 दिनों में इन्हीं 11 राज्यों में कोरोना के 90 फीसदी मामले आए हैं. वहीं, कुल 90.5 फीसदी मौतें भी इन्हीं राज्यों में हुई हैं.
कर्नाटक के बसावनहल्ली हाई स्कूल में 26 बच्चे कोरोना संक्रमित हो गये. इस संक्रमण का पता चलने के तुरंत बाद स्कूल और कॉलेज बंद करने का फैसला लिया गया
भारत में पिछले 24 घंटे में #COVID19 के 89,129 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,23,92,260 हुई. 714 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,64,110 हो गई है देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 6,58,909 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,15,69,241 है.
होटल से सिर्फ खाना पैक कराकर घर ले जा सकेंगे, सरकार के इस फैसले से खुश है ग्राहक
महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी होटल, रेस्त्रां, पब को बंद कर दिया. होटल में बैठकर खाना खाने की सुविधा पर भी रोक लगा दी. सरकार के इस फैसले से ज्यादातर ग्राहक खुश हैं.
मध्यप्रदेश में कोरोना का हाल, 24 घंटे में 2,777 नये मामले
मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,777 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 3,00,834 हो गयी है . स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी . अधिकारी ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 16 और व्यक्तियों की मौत के बाद प्रदेश में अब तक इस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 4,014 हो गयी है
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से 16 और मरीजों की मौत, 2,967 नये संक्रमित मिले
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कक्षा आठ तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 11 अप्रैल तक बंद रखने के निर्देश दिए उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 16 और मरीजों की मौत हो गई जबकि 2,967 नये संक्रमित सामने आये. शुक्रवार को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमित 16 और मरीजों की मौत होने के बाद अब तक मरने वालों का आंकड़ा 8,836 हो गया है जबकि इसी अवधि में मिले 2,967 नये संक्रमितों के बाद अब तक के कुल संक्रमितों की संख्या 6,22,736 हो गई है
गुजरात में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,640 नये मामले
गुजरात में कोरोना वायरस संक्रमण के शुक्रवार को 2,640 नये मामले सामने आये जिससे संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 3,12,748 हो गई है. राज्य स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम से कोविड-19 के 11 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4,539 हो गई है.
पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,733 नये मामले
पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,733 नए मामले सामने आने के साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 5,89,922 तक पहुंच गई. बंगाल में इस साल एक दिन में सर्वाधिक मामले सामने आए हैं. इसी अवधि में कोविड-19 के चार मरीजों की मौत हो गई, जिसके बाद मृतक संख्या बढ़कर 10,335 हो गई.
राजस्थान में कोरोना के 24 घंटे में 1422 नये मामले
राजस्थान में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1422 नये मामले सामने आये जिससे राज्य में संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या 3,35,921 हो गई. राज्य में इस घातक संक्रमण में दो और मरीजों की मौत हो गई जिससे राज्य में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2824 हो गई. राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या वर्तमान में 10484 है.
पंजाब में कोरोना से 24 घंटों में 57 की मौत
पंजाब में कोविड-19 के कारण 57 और मरीजों की मौत हो गयी जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 6,983 हो गई वहीं राज्य में संक्रमण के 2,903 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 2,45,768 हो गयी. उपचाराधीन मरीजों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 25,458 हो गई.
छत्तीसगढ़ में 4174 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान 4174 नये लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है जिसके बाद राज्य में इस वायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़ कर 3,57,978 हो गई है. एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी . अधिकारी ने बताया कि राज्य में शुक्रवार को 52 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई है, वहीं 893 लोगों ने गृह पृथक-वास पूरा किया है. राज्य में कोरोना वायरस संक्रमित 43 मरीजों की मौत हुई है और इनमें से पिछले 24 घंटे के दौरान 33 लोगों की तथा पिछले दिनों 10 लोगों की मौत हुई है.
इस साल दिल्ली में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले
दिल्ली में शुक्रवार को कोविड-19 के 3594 नये मामले सामने आए, जो इस वर्ष सर्वाधिक है. साथ ही महानगर में संक्रमण से 14 और लोगों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की कुल संख्या 11,050 हो चुकी है. यह जानकारी महानगर के स्वास्थ्य विभाग ने दी. स्वास्थ्य विभाग के एक बुलेटिन में बताया गया कि संक्रमण की दर 4.11 प्रतिशत हो गई है, जबकि एक दिन पहले यह 3.57 थी. दिल्ली में बृहस्पतिवार को 2790 मामले आये. जबकि बुधवार को 1819 मामले दर्ज किए गए थे. बुधवार को संक्रमण की दर 2.71 फीसदी थी. बुलेटिन के अनुसार, महानगर में शुक्रवार को कुल संक्रमितों की संख्या 6,68,814 हो गई. अभी तक 6.45 लाख से अधिक लोग संक्रमण से उबर चुके हैं. नवीनतम बुलेटिन के अनुसार, संक्रमण से 14 और लोगों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या 11,050 हो गई है. बुलेटिन के मुताबिक, उपचाराधीन रोगियों की संख्या 11,994 हो गई है जबकि एक दिन पहले यह संख्या 10,498 थी. बुलेटिन में कहा गया है कि एक दिन पहले कुल 87,505 जांच की गई, जिसमें 54,898 आरटी-पीसीआर जांच और 32,607 रैपिड एंटीजन जांच शामिल है
सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में, एक दिन में 47827 नये मामले
देश में सबसे ज्यादा संक्रमण के मामले महाराष्ट्र में हैं. यहां शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 47,827 मामले दर्ज किये गये जो महामारी शुरू होने के बाद राज्य में किसी एक दिन का सर्वाधिक स्तर है. स्वास्थ्य विभाग ने एक बयान में कहा कि संक्रमण के नये मामलों के बाद राज्य में अब तक संक्रमित हुए रोगियों की कुल संख्या 29,04,076 हो गयी है. राज्य में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 202 रोगियों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 55,379 हो गयी है. इस बीच 24,126 मरीजों को छुट्टी दे दी गई, जिससे राज्य में अब तक इस बीमारी से ठीक हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 24,57,494 हो गयी. राज्य में अभी 3,89,832 मरीजों का इलाज चल रहा है. राज्य में मरीजों के ठीक होने की दर 84.62 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.91 प्रतिशत है. शुक्रवार को राज्य भर में 1,83,378 जांच की गईं। राज्य में अब तक कुल 2,01,58,719 जांच हो चुकी है.
देश में लगातार बढ़ रहा है कोरोना संक्रमण का आंकड़ा
देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है. हर दिन राज्यों में नया आंकड़ा अपने पुराने आंकड़े को तोड़ रहा है. शुक्रवार को देश में 24 घंटे में कोरोना के 81 हजार, 466 नये मामले सामने आये. 24 घंटे में 469 लोगों की मौत हो गयी. नये साल में एक दिन में दर्ज होने वाले नए केसों का ये सबसे बड़ा आंकड़ा है जाहिर है कोरोना संक्रमण के मामले हर दिन बढ़ रहे हैं.


























