- मुख्तार अंसारी को पंजाब पुलिस पहुंचाएगी बांदा जेल,
- यूपी प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम, बैरक में कड़ी सुरक्षा,
- पंजाब पुलिस कराएगी कोरोना टेस्ट
बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को व्हीलचेयर पर बुधवार को मोहाली कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान मुख्तार का नया पैंतरा भी सामने आया। अभी तक जिस पंजाब पुलिस पर मुख्तार को बचाने का आरोप लग रहा था, उसी पर मुख्तार ने फंसाने का आरोप लगाया।मोहाली कोर्ट में पेश करने के बाद मुख्तार अंसारी को मोहाली में दर्ज मामले की चार्जशीट की कापियां दी गईं। मामले की अगली सुनवाई 12 अप्रैल को होगी। कोर्ट से निकलते समय मीडिया के सवालों पर मुख्तार ने कहा कि पंजाब सरकार उसे फंसा रही है। उसके खिलाफ झूठे मामले दर्ज किये गए। कोर्ट में पेशी के बाद मुख्तार को दोबारा रोपड़ जेल भेज दिया गया।
यूपी के बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी के मुकदमे और उनकी कस्टडी ट्रांसफर की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने 26 मार्च को फैसला सुनाया था। कोर्ट ने कहा था कि अंसारी को दो हफ्ते के अंदर उत्तर प्रदेश की जेल में शिफ्ट करना होगा। पंजाब सरकार की दलीलों से कोर्ट संतुष्ट नहीं हुआ था।
पंजाब के जेल मंत्री को आदेश का इंतजार
यूपी भेजने के सवाल पर पंजाब के जेल मंत्री ने कहा कि कोर्ट का आर्डर लेकर यूपी पुलिस आए और उसे ले जाए। जेल मंत्री सुखविंदर सिंह रंधावा ने कहा कि अभी तक जेल के पास मुख्तार अंसारी को लेकर कोई कोर्ट का आर्डर नहीं आया है। जो भी आर्डर आएगा उसी के अनुसार मुख्तार को हैंडओवर कर दिया जाएगा। पंजाब पुलिस तक आर्डर पहुंच जाने के सवाल पर रंधावा ने कहा कि मुख्तार अंसारी जेल में है। पुलिस की कस्टडी में नहीं है। पुलिस विभाग अलग है। हमारा विभाग जेल है। जेल के पास आदेश आएगा तो उसी के अनुसार काम करेंगे। हमारे पास पुलिस आर्डर लेकर आएगी तो हम उसे हैंड ओवर कर देंगे।
यूपी में 14 आपराधिक मामलों में कस्टडी की जरूरत
14 आपराधिक मुकदमों के लिए यूपी सरकार को अंसारी की कस्टडी की जरूरत है। जनवरी 2019 से अंसारी पंजाब की जेल में है। वहां उसे जबरन वसूली मामले में नामजद किया गया था। यूपी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि अंसारी की अनुपस्थिति के कारण यूपी में मुकदमों की सुनवाई नहीं हो पा रही है।
यूपी सरकार की याचिका पर पंजाब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर कर अंसारी को यूपी सरकार की हिरासत में देने से इनकार किया था। पंजाब सरकार ने इसका कारण अंसारी के स्वास्थ्य बताया था। जेल अधीक्षक के माध्यम से दायर हलफनामे में कहा गया था कि अंसारी कथित तौर पर उच्च रक्तचाप, मधुमेह, अवसाद, पीठ दर्द और त्वचा की एलर्जी से पीड़ित है।
मुख्तार अंसारी को पंजाब पुलिस पहुंचाएगी बांदा जेल, यूपी प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम, बैरक में कड़ी सुरक्षा
यूपी के गृह विभाग ने पंजाब पुलिस से बात भी की है, पंजाब पुलिस पहले मुख्तार का हेल्थ और कोरोना टेस्ट कराएगी.
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने माफिया विधायक और गैंगस्टर मुख्तार अंसारी को पंजाब जेल से उत्तर प्रदेश ट्रांसफर करने का फैसला सुनाया. कोर्ट के आदेश के बाद अंसारी को यूपी लाए जाने के मामले में सरकार ने अपनी तरफ से तैयारियां पूरी कर ली हैं. सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब सरकार को आदेश दिया है कि दो हफ्ते के अंदर मुख्तार को यूपी सौंपा जाए. अदालत ने ये भी कहा है कि मुख्तार को पहले यूपी की बांदा जेल में तब तक रखा जाए, जब तक विशेष कोर्ट ये तय न कर ले की उसे किस जेल में रखना है.
वहीं यूपी जेल प्रशासन के मुताबिक उनके पास प्रोटोकॉल के तहत हमेशा पुख्ता इंतजाम रहते हैं लेकिन मुख्तार के मामले में सारे पहलुओं को ध्यान में रखकर इंतजाम किए गए है. मुख्तार को रखने के लिये बांदा में एक सुरक्षित सेल का चुनाव किया गया है जहां किसी भीतरी से खतरा ना हो सके. यूपी में आने के बाद यहां दर्ज मुकदमों के आधार पर सुनवाई के लिए इसी जेल में व्यवस्था की जाएगी. सुरक्षित कोविड प्रोटोकॉल के चलते संभव है कि मुख्तार की अदालत में पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये की जाएगी. उसके बाद अदालत के आदेश पर उसे यूपी में दर्ज मामलों के लिए पुलिस को पूछताछ के लिये सौंपा जा सकता है.
पंजाब पुलिस कराएगी कोरोना टेस्ट
मुख्तार को पंजाब की रोपड जेल से लाने के लिये किसी भी विशेष टीम का गठन नहीं किया गया है क्योंकि यूपी के गृह विभाग का मानना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक पंजाब से यूपी की बांदा जेल तक मुख्तार को पहुंचाना पंजाब पुलिस की जिम्मेदारी है. लेकिन अगर पंजाब पुलिस किसी तरह की मदद चाहती है तो यूपी पुलिस तैयार है. यूपी के गृह विभाग ने पंजाब पुलिस से बात भी की है, पंजाब पुलिस पहले मुख्तार का हेल्थ और कोरोना टेस्ट कराएगी.
बैरक की कड़ी सुरक्षा
यूपी में जेल में रखने के बाद मुख्तार की बैरक की सुरक्षा कड़ी की जायेगी. वहीं मुख्तार के परिवारवाले पहले आशंका जता चुके हैं कि यूपी में मुख्तार को जान को खतरा है. दरअसल यूपी जेल के अंदर मुख्तार के करीबी मुन्ना बजरंग की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी, जिसके बाद मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद समेत कई अपराधी अपनी जान की सलामती के लिए अपनी आवाज उठा चुके है.


























