नरेंद्र मोदी ने डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर ऑनलाइन दिखाई ट्रेन को हरी झंडी
मुरादाबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर दुनिया की सबसे लंबी डबल डेकर मालगाड़ी ( लॉग हॉल) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रेवाड़ी से चली इस ट्रेन से 360 कंटेनर एक साथ भेजे गए हैं। 180 कंटेनर कैरियर वाली इस ट्रेन के डबल डेकर होने से 360 कंटेनर एक बार में ले जाए जा सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने जिस ट्रेन को रवाना किया है, उस ट्रेन में 90 कंटेनर मुरादाबाद के हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स के हैं। कंटेनर डिपो मुरादाबाद के टर्मिनल प्रबंधक आशीष गौतम ने बताया कि यह मुरादाबाद के लिए गर्व की बात है कि विश्व की सबसे लंबी ट्रेन को प्रधानमंत्री ने झंडी दिखाकर रवाना किया, उस ट्रेन में मुरादाबाद के निर्यातकों के 90 कंटेनर जा रहे हैं। यह किसी भी कंटेनर डिपो से भेजे गए कंटेनर की सर्वाधिक संख्या है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही रेलवे ने मुरादाबाद कंटेनर डिपो के लिए डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तक ट्रेन जाने के लिए समय निर्धारित कर दिया है। मुरादाबाद से रोजाना रात 10:00 बजे एक ट्रेन रेवाड़ी होते हुए खाटू बाग टर्मिनल तक जाएगी। खाटू बाग में सभी जगह से आए कंटेनर्स को लॉग हॉल ट्रेन पर रखा जाएगा जिसमें एक साथ 360 कंटेनर जाएंगे। पहले मुरादाबाद से रेवाड़ी तक कंटेनर पहुंचाने में दो दिन का समय लगता था। अब यही ट्रेन रात को 10 बजे चलकर सुबह 9:30 बजे खाटू बाग टर्मिनल पर पहुंच जाएगी। इसके साथ ही मुरादाबाद से मुंद्रा पोर्ट तक ट्रेन को पहुंचने में 5 दिन का समय लग जाता था अब वही ट्रेन ढाई दिन ( अधिकतम 36 घंटे) में मुंद्रा पोर्ट तक पहुंच जाया करेगी इससे निर्यातकों को सीधा लाभ होगा।


























