पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस पर तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ फिजियोथेरेपी ने अनोखे अंदाज में तीन दिन तक उनका भावपूर्ण स्मरण किया। पूर्व प्रधानमंत्री की याद में 21 दिसंबर को ऑनलाइन क्विज, 22 दिसंबर को निबंध तो 23 दिसंबर को पोस्टर प्रतियोगिता कराईं। ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता में मोइन और फरीन खानम, निबंध प्रतियोगिता में उमरा खान, पोस्टर प्रतियोगिता में मुनीर आलम – बीपीटी फर्स्ट ईयर के अलावा अरशद अली -डीपीटी फर्स्ट ईयर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। फिजियोथेरेपी डिपार्टमेंट की हेड डॉ. शिवानी एम कौल ने इन विजेताओं के नाम की घोषणा की।

ये सभी प्रतियोगिता ऑनलाइन आयोजित की गईं । फिजियोथेरेपी विभाग के चौथे वर्ष के छात्र शुभम जैन ने कहा, अटल जी का ओजस्वी, तेजस्वी और यशस्वी व्यक्तित्व सदा हम सब का मार्गदर्शन करता रहेगा। छात्रा सौम्या ने कहा, पोखरण परमाणु परीक्षण उनकी दूरगामी सोच का परिचायक था। छात्रा सना ने उनके राजधर्म के संदेश को लेकर कहा, अपने – पराए का भेद किए बिना सच कहने का साहस उनमें था। पोस्टर प्रतियोगिता में डिप्लोमा इन फिजियोथेरेपी के छात्रों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। छात्रों में अटल जी के प्रति प्रेम और प्रतियोगिता में उत्साह देखकर डिपार्टमेंट की हेड डॉ. शिवानी एम कौल ने सभी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित किया। ऑनलाइन इन प्रतियोगिताओं के दौरान डॉ. शीतल मलहान, डॉ. विवेक स्वरूप, डॉ. फरहान खान, डॉ. उज़्मा आदि मौजूद रहे।


























