होम राज्य उत्तर प्रदेश महाशिवरात्रि पर शिवमय हुआ बिल्सी, कुटी मंदिर से शिव शक्ति भवन तक...

महाशिवरात्रि पर शिवमय हुआ बिल्सी, कुटी मंदिर से शिव शक्ति भवन तक आस्था का सैलाब, भक्तों ने किया भोलेनाथ का रुद्राभिषेक मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जगह-जगह हुआ रुद्राभिषेक,

बिल्सी। श्रावण मास की महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मंगलवार को बिल्सी नगर पूरी तरह भगवान भोलेनाथ की भक्ति में डूबा नजर आया। नगर के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प आदि अर्पित किए और परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंदिरों में दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे।

कुटी मंदिर में महाकालेश्वर सेवा समिति ने कराया आयोजन

नगर के मुख्य बाजार स्थित कुटी मंदिर में महाकालेश्वर सेवा समिति के तत्वावधान में महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बिल्सी राजेश कुमार सिंह ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया।

वहीं नगर पालिका के लिपिक निशांत वार्ष्णेय ने सपरिवार मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया और बाबा का विशेष श्रृंगार कराया। विशेष पूजन के बाद भगवान शिव की आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

शाम को हुआ भव्य शिव विवाह

महाशिवरात्रि के अवसर पर शाम को कुटी मंदिर में शिव विवाह का आयोजन किया गया। शिव विवाह कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह से संबंधित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

कार्यक्रम के समापन पर महाकालेश्वर सेवा समिति के सदस्यों ने मुख्य यजमान निशांत वार्ष्णेय एवं उनके परिवार को पटका पहनाकर सम्मानित किया। समिति पदाधिकारियों ने धार्मिक आयोजन में सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

शिव शक्ति भवन मंदिर में भी हुआ विशेष पूजन

इसी क्रम में अटल चौक स्थित शिव शक्ति भवन मंदिर में भी महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। यहां कैलाश परमानंद वार्ष्णेय ने अपने परिवार के साथ भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। इसके बाद मंदिर परिसर में शिव विवाह का आयोजन किया गया।

शिव विवाह के दौरान प्रस्तुत की गईं सुंदर एवं मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भगवान शिव और माता पार्वती के स्वरूपों के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

कार्यक्रम के बाद समिति के सदस्यों ने मुख्य यजमान परमानंद वार्ष्णेय एवं उनके परिवार को पटका पहनाकर सम्मानित किया।

महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर के अन्य शिव मंदिरों में भी विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह से देर शाम तक श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचते रहे और भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे नगर में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here