होम राज्य उत्तर प्रदेश चन्दीनगला में एक ही रात दो घरों में चोरी, सोते रहे परिवार,...

चन्दीनगला में एक ही रात दो घरों में चोरी, सोते रहे परिवार, लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर; ग्रामीणों में दहशत,

बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र के गांव चन्दीनगला में मंगलवार तड़के चोरों ने एक ही रात दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। लगातार दो वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना गांव निवासी राजबहादुर पुत्र पूरन लाल के घर की है। तहरीर के अनुसार वह अपनी पत्नी गीता देवी के साथ बरामदे में सो रहे थे। रात करीब 1:20 बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक कमरे से निकलकर भागते दिखाई दिए। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कमरे की तलाशी लेने पर अलमारी और जेवरों के डिब्बे खुले मिले। चोर बेटे शिवओम की शादी के लिए रखे सोने के हार, टीका, झाल, अंगूठी, नथ (बेसर), चांदी के हथफूल तथा 5 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। सूचना पर डायल-112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

दूसरी घटना भी इसी गांव में कृष्णपाल पुत्र श्यामलाल के घर हुई। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रात करीब 1:30 बजे उनकी नींद खुली तो कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो बक्सा खुला पड़ा था और सामान बिखरा हुआ था। पर्स में रखे 50 हजार रुपये नकद गायब थे। शोर सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए। आसपास तलाश करने पर गांव के देवस्थान के पास चोरों द्वारा फेंके गए बैग और कुछ कपड़े बरामद हुए।

दोनों पीड़ितों ने अलापुर थाना पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। एक ही रात में दो घरों में चोरी की वारदात से ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीरों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here