बदायूं/इस्लामनगर। राष्ट्रकवि एवं प्रख्यात साहित्यकार डॉ. उर्मिलेश शंखधार की 75वीं जयंती पर बदायूं और इस्लामनगर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। एक ओर बदायूं क्लब में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, और पौधरोपण कर श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई, वहीं इस्लामनगर में भव्य कवि सम्मेलन ने साहित्य प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

बदायूं क्लब मे श्री राममूर्ति मेडिकल कॉलेज के सहयोग से आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता एवं मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंघला ने किया। कार्यक्रम से पूर्व अतिथियों एवं क्लब सदस्यों ने डॉ. उर्मिलेश की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा क्लब परिसर में पौधरोपण किया।

स्वास्थ्य शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपेश अग्रवाल, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. शुभम अग्रवाल, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. शुभ्रा अग्रवाल एवं त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. आरुषि अग्रवाल ने कुल 112 मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक जांच एवं दवाएं उपलब्ध कराईं।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि डॉ. उर्मिलेश की अमृत जयंती पर जनहित में आयोजित यह सेवा कार्य प्रेरणादायी है। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंघला ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज सेवा की सच्ची मिसाल हैं। कार्यक्रम में डॉ. अक्षत अशेष, नितिन रस्तोगी, श्याम जी शर्मा, मंजुल शंखधार, डॉ. सोनरूपा विशाल, ऋचा अशेष, कमला माहेश्वरी, डॉ. मधू गौतम, डॉ. भास्कर शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

उधर, इस्लामनगर स्थित डीआरपी रिसोर्ट में डॉ. उर्मिलेश शंखधार की 75वीं जयंती पर भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक सुधांशु जी, डॉ. उर्मिलेश की पुत्री डॉ. सोनरूपा विशाल एवं पुत्र डॉ. अक्षत अशेष ने मां सरस्वती एवं डॉ. उर्मिलेश के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता मुख्य अतिथि रहे, जबकि संचालन डॉ. अक्षत अशेष ने किया।

कार्यक्रम संयोजक हितेंद्र शंखधार ने सभी अतिथियों एवं कवियों का स्वागत किया। डीसीबी अध्यक्ष हितेंद्र सिंह आधार ने बताया कि डॉ. उर्मिलेश की ननिहाल इस्लामनगर के बमनपुरी मोहल्ले में थी और उनकी अनेक रचनाओं में इस्लामनगर का उल्लेख मिलता है।

कवि सम्मेलन में जयपुर के बनज कुमार बनज, बिल्सी के नरेंद्र गरल, लखनऊ के हास्य-व्यंग्य कवि मुकुल महान, डॉ. शैलेन्द्र कबीर, डॉ. उपदेश शंखधार, डॉ. सोनरूपा विशाल, अंबेडकर नगर के अभय निर्भीक तथा डॉ. अक्षत अशेष सहित अनेक कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं कवियों को डॉ. उर्मिलेश स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। डॉ. उर्मिलेश की जयंती पर सेवा, पर्यावरण संरक्षण और साहित्य के माध्यम से उन्हें याद कर आयोजकों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here