होम राज्य उत्तर प्रदेश बदायूं: आषाढ़ मास के प्रथम मंगलवार पर 84 घंटा हनुमान मंदिर में...

बदायूं: आषाढ़ मास के प्रथम मंगलवार पर 84 घंटा हनुमान मंदिर में उमड़ी आस्था, हुआ भव्य श्रृंगार, रात्रि 7:30 बजे होगी भव्य आरती, तत्पश्चात हनुमान चालीसा का होगा सामूहिक पाठ,

बदायूं। सर्राफा बाजार स्थित प्रसिद्ध 84 घंटा हनुमान मंदिर में आषाढ़ मास के प्रथम मंगलवार का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान श्रीराम के परमप्रिय भक्त संकटमोचन हनुमान जी का चमेली के तेल एवं सिंदूर से लेपन कर चांदी के वर्क से आकर्षक चोला चढ़ाया गया तथा नवीन वस्त्र एवं आभूषणों से उनका भव्य-दिव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में दिनभर “जय श्रीराम” और “जय हनुमान” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

मंदिर के पुजारी पंडित सुधीर मिश्रा ने प्रातः 7:30 बजे विधि-विधान से श्री हनुमान जी का अभिषेक, सिंदूर एवं चमेली के तेल से लेपन कर चोला अर्पित किया। इसके बाद नवीन वस्त्र, आभूषण एवं गदा से सुसज्जित कर भगवान का दिव्य श्रृंगार किया गया। आरती उतारकर लड्डुओं का भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।

पंडित सुधीर मिश्रा ने बताया कि कलयुग में श्री हनुमान जी जागृत देव हैं। उनकी आराधना करने से भक्तों के रोग, शोक और जीवन के संकट दूर होते हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए श्री हनुमान जी के चरणों में अर्जी लगाते हैं और सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य स्वीकार होती है।

उन्होंने बताया कि रात्रि 7:30 बजे श्री हनुमान जी की भव्य आरती आयोजित की जाएगी, तदोपरांत मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है।

इस अवसर पर राहुल साहू एवं रेनू साहू ने श्री हनुमान जी को नवीन वस्त्र, आभूषण एवं गदा अर्पित कर लड्डुओं का भोग लगाया तथा श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया।

कार्यक्रम में राजकुमार सिंह सेंगर, रामगोपाल पटवा, प्रदीप पटवा, कन्हैया मिश्रा, वंश मिश्रा, नरेश प्रजापति, राजीव सैनी, श्रीराम सहित बड़ी संख्या में श्रीराम एवं हनुमान भक्त उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here