मुंबई। भारतीय संगीत जगत को गहरा आघात पहुंचा है। दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके बेटे आनंद भोसले ने उनके निधन की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, आशा भोसले को शनिवार रात सीने में संक्रमण (चेस्ट इंफेक्शन) के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी पोती जनाई भोसले ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी दी थी। इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती गई और मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण रविवार को उनका निधन हो गया।

परिवार की ओर से बताया गया है कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार को शाम 4 बजे मुंबई में किया जाएगा।

आशा भोसले भारतीय सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित पार्श्व गायिकाओं में से एक थीं। उन्हें वर्ष 2008 में पद्म विभूषण और वर्ष 2000 में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा उन्हें दो बार राष्ट्रीय पुरस्कार (1981, 1986) और सात बार फिल्मफेयर अवॉर्ड भी प्राप्त हुए।

उनके सदाबहार गीतों में “इन आंखों की मस्ती के”, “दिल चीज क्या है”, “चुरा लिया है तुमने जो दिल को”, “पिया तू अब तो आजा” जैसे कई अमर गाने शामिल हैं, जो आज भी हर पीढ़ी के दिलों में बसे हुए हैं।

8 सितंबर 1933 को जन्मीं आशा भोसले, महान गायक और रंगकर्मी दीनानाथ मंगेशकर की पुत्री थीं और स्वर कोकिला लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं।

उनकी निजी जिंदगी भी काफी चर्चाओं में रही। उनकी पहली शादी गणपतराव भोसले से हुई थी, जो ज्यादा समय तक नहीं चली। बाद में उन्होंने मशहूर संगीतकार आर डी बर्मन से विवाह किया। उनके तीन बच्चे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here