बिल्सी (बदायूं)। थाना पुलिस ने लूट की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात अंतर्जनपदीय बदमाशों को दबोच लिया। दोनों बदमाश पुलिस फायरिंग में घायल हुए, जबकि मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। बदमाशों के पास से ₹ 75,000 नकद, एवं दो अवैध तमंचे और एक CVZ बाइक बरामद हुई है।
थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध बदमाश उझानी मार्ग पर बागरपुर-सागरपुर लिंक रोड के पास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की।
पुलिस द्वारा रोकने के प्रयास पर बदमाशों ने जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें आरक्षी संजय कुमार (447) घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किया, जिसमें दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पकड़े गए बदमाशों की पहचान राजू उर्फ हरपाल निवासी बलहरपुर थाना शेरपुर, जनपद कासगंज तथा शिशुपाल उर्फ गोदान निवासी सबलपुर थाना पिसावा, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है।
घायल बदमाशों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी में भर्ती कराया गया है। बरामद सामान में ₹75,000 नकद, दो तमंचे और एक होंडा सीवीज़ेड मोटरसाइकिल शामिल है। दोनों अपराधियों पर विभिन्न जनपदों में लूट, चोरी और असलहा अधिनियम समेत दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि बदमाशों से पूछताछ के बाद अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। क्षेत्र में बढ़ती लूट की घटनाओं के बीच यह कार्रवाई पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।


























