बिल्सी (बदायूं) नगर के बीचों-बीच मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक किसान से दिनदहाड़े ढाई लाख रुपए लेकर चोर फरार हो गए। किसान बैंक से रुपए निकालकर घर लौट रहा था इसी दौरान आम खरीदने के लिए कुछ मिनटों के लिए रुका था, इसी दौरान बाइक के हैंडल में लटका बैग किसी शातिर चोर ने पार कर दिया।

जानकारी के अनुसार, थाना उघैती क्षेत्र के गांव टिटौली निवासी इंद्रपाल सिंह सोमवार दोपहर लगभग 1 बजे भारतीय स्टेट बैंक, बिल्सी शाखा से चेक के जरिए ₹2.5 लाख की नकदी निकालकर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में बिल्सी के बालाजी तिराहे पर उन्होंने आम खरीदने के लिए बाइक रोकी और पास की पुरानी सब्जी मंडी के गेट पर खड़े ठेले से आम लेने चले गए। इस दौरान उन्होंने बैग बाइक के हैंडल में ही टांग दिया।

जब इंद्रपाल आम खरीदकर लौटे, तो उनके होश उड़ गए—बाइक पर लटका बैग गायब था। उन्होंने तुरंत आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस पहुंची मौके पर, जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही क्राइम इंस्पेक्टर बी.के. मौर्य ने भी बाजार में पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी संदिग्ध की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई थी।

बैंक जाकर निकासी की पुष्टि

पुलिस टीम ने भारतीय स्टेट बैंक शाखा जाकर रुपए निकासी की पुष्टि भी की। बताया गया कि इंद्रपाल ने खुद अपने खाते से चेक के माध्यम से पूरी रकम निकाली थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाजार में मचा हड़कंप

नगर के सबसे व्यस्त चौराहे पर हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में दहशत फैल गई। लोगों का कहना है कि अगर दिन के उजाले में भी इस तरह से चोर वारदात कर रहे हैं, तो पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।

स्थानीय लोगों ने की गश्त बढ़ाने की मांग

व्यापारियों ने मांग की है कि बिल्सी के मुख्य बाजारों में पुलिस की सक्रियता और गश्त को बढ़ाया जाए ताकि इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हो सकें।

कृषि कार्यों के लिए निकाली थी रकम
पीड़ित इंद्रपाल सिंह ने बताया कि उसने यह रकम खेती और घर के जरूरी खर्चों के लिए निकाली थी। अब वह सदमे में है और प्रशासन से न्याय की उम्मीद कर रहा है।

पुलिस का दावा: जल्द होगा खुलासा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध गतिविधि दिखी है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

बिल्सी जैसे छोटे नगर में हुई इस चोरी की घटना ने स्थानीय पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here