बिसौली। डॉक्टर्स डे के अवसर पर रोटरी क्लब के तत्वावधान में एक गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। रोटरी क्लब के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय गर्ग एवं सचिव मुदित अग्रवाल की अगुवाई में हुए कार्यक्रम में कोतवाली प्रभारी हरेंद्र सिंह विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर नगर में उत्कृष्ट चिकित्सीय सेवाएं देने और समाज सेवा में अहम योगदान के लिए वरिष्ठ चिकित्सकों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज महेश्वरी, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. जितेन्द्र नाथ वार्ष्णेय, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुविधा महेश्वरी, डॉ. प्रवीण शर्मा और डॉ. दीपेन्द्र वार्ष्णेय शामिल रहे।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष संजय गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि ये सभी चिकित्सक न केवल अपने कार्यक्षेत्र में दक्ष हैं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी बखूबी निर्वहन करते हैं। नगर में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में इनका योगदान सराहनीय है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम में क्लब के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।


























