पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा ने सीएम को पत्र लिखकर कहा – “पेड़ों को बचाना धर्म और मानवता, नहीं तो भविष्य अंधकारमय होगा” सीएम को पत्र लिखकर पेड़ों की रक्षा की मांग की
बदायूं, 08 अप्रैल – उत्तर प्रदेश में सड़कों के चौड़ीकरण के चलते लाखों पेड़ काटे जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान हो रहा है। इन कटते पेड़ों के कारण जीव-जंतु और पक्षी बेघर हो रहे हैं, ऑक्सीजन स्तर गिर रहा है, तापमान लगातार बढ़ रहा है और वर्षा भी अनियमित हो रही है।
इन्हीं चिंताओं को लेकर पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पेड़ों के कटान को रोकने की मांग की है। उन्होंने पत्र में लिखा कि सनातन धर्म में पेड़-पौधों और जीव-जंतुओं को पूजनीय माना गया है। यदि ऐसे महत्वपूर्ण पेड़ों का कटान जारी रहा, तो यह न केवल धर्म का अपमान होगा, बल्कि मानव जीवन भी खतरे में पड़ जाएगा।
पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ने के संकेत
विशेषज्ञों के अनुसार, पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से ग्लोबल वार्मिंग बढ़ रही है। हाल के वर्षों में बदायूं समेत पूरे प्रदेश में गर्मी का प्रकोप तेज हुआ है, ठंड का समय घटा है और मानसून भी असामान्य हो गया है। यदि यही स्थिति बनी रही, तो भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं का खतरा और बढ़ सकता है।
विकेंद्र शर्मा ने अपील की कि विकास कार्यों में बिना पेड़ काटे नए समाधान खोजे जाएं। उन्होंने जनता से भी पेड़ों की रक्षा के लिए आवाज उठाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।