बदायूं। होली पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था काफी मजबूत रहेगी। इस दौरान सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे। इसके अलावा जिले में आठ इंस्पेक्टर, 55 दरोगा, चार महिला दरोगा, 76 हेड कांस्टेबल, 75 महिला कांस्टेबल और छह यातायात पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। इस बार जिले में 2265 स्थानों पर होलिका दहन हो रहा है। 14 स्थानों पर मेला लगेंगे और 21 स्थानों पर जुलूस निकाला जाएगा। एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने अपील की है कि सभी लोग शांति के साथ होली मनाएं।
एसएसपी ने कहा कि सोमवार को होली है। जिस स्थान पर होलिका दहन करें, वहां यह जरूर देख लें कि कहीं उसके ऊपर बिजली के तार न हों। उसके आसपास कोई ज्वलनशील पदार्थ या फिर झोंपड़ी आदि न हो। मोटर साइकिल पर तीन सवारी न चलें। न ही शराब पीकर वाहन चलाएं। वाहन चलाने के दौरान यातायात नियमों का जरूर पालन करें। किसी के ऊपर बिना रजामंदी के रंग न डालें। न ही किसी से जबरदस्ती करें। हुड़दंग करने से बचें। अगर कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। होली के त्योहार पर साइबर ठगी से बचने के लिए किसी प्रकार के लिंक या यूआरएल को न खोलें। किसी के प्रलोभन से बचें और अपनी वित्तीय जानकारी नहीं दें।
उन्होंने कहा कि अगर कोई घटना होती है तो तुरंत 112 पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें। सोशल मीडिया पर किसी प्रकार के भड़काऊ भाषण, टिप्पणी, सांप्रदायिक माहौल भड़काने वाली पोस्ट शेयर न करें। त्योहार पर हर समय पुलिस तैनात रहेगी।

























