




बदायूं। महाराजा हरिश्चंद्रवंशीय महिला समाज की ओर से आयोजित हरियाली तीज मिलन समारोह उमंग, उल्लास, मनोरंजन और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए नृत्य, गीत, हास्य-व्यंग्य, कविता, देशभक्ति और विभिन्न मनोरंजक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा वातावरण तालियों, हंसी और ठहाकों से गूंज उठा। समारोह में भारतीय संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सखियों के बीच प्रेम, अपनापन और मित्रता की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत से ही महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। मानसी ने ‘बोले चूड़ियां’ गीत पर मनमोहक प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। वहीं शैफाली की शिव तांडव प्रस्तुति ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। साधना, सुमन, इशु, ज्योति और अलका ने ‘रिश्तों की डोर’ के माध्यम से रिश्तों की खूबसूरती को भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया।
गिद्दा ने जमाया पंजाबी रंग
कार्यक्रम में रिचा, पारुल, पायल और प्रीति के गिद्दा ने पंजाबी संस्कृति की छटा बिखेरते हुए माहौल में जबरदस्त ऊर्जा भर दी। इसके बाद साक्षी गोपाल, दीप्ति दीपांक, नम्रता, छवि, अंजू-हिती, रीना-प्रियंका, संजना तथा हर्षिता-पूजा सहित अनेक प्रतिभागियों ने अपनी नृत्य प्रस्तुतियों से मंच पर चार चांद लगा दिए।
हास्य-व्यंग्य ने खूब गुदगुदाया
तीज मिलन समारोह में मनोरंजन का भी भरपूर तड़का देखने को मिला। नीतू ने सास-बहू की नोकझोंक पर आधारित हास्य-व्यंग्य गीत प्रस्तुत कर सभी को खूब गुदगुदाया। वहीं अस्मिता, श्वेता, इशिता और नेहा के एक्ट तथा पूनम और नेहा के कॉमेडी एक्ट ने दर्शकों को जमकर हंसाया।
इसी क्रम में रंगोली, इशिता और जागृति की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति ने कार्यक्रम में जोश और राष्ट्रप्रेम की भावना भर दी। सीमा और उनकी बहू संजना की प्रस्तुति ने सास-बहू के रिश्ते की खूबसूरती को मंच पर जीवंत कर दिया।
गीत और कविता ने बांधा समां
रोजी रस्तोगी की गीत प्रस्तुति ने समारोह को संगीतमय बनाया, जबकि करुणा रस्तोगी के कविता पाठ ने कार्यक्रम में साहित्यिक एवं भावनात्मक रंग भर दिया। कार्यक्रम के दौरान रोजी द्वारा बीच-बीच में सरप्राइज प्रश्न पूछे गए, जिनका महिलाओं ने उत्साहपूर्वक जवाब दिया।
प्रियंका, निहारिका, कृतिका, ज्योति और पूनम ने एक मिनट वाले मनोरंजक खेल आयोजित कराए। खेलों में प्रतिभाग करने वाली महिलाओं को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
एग्जीक्यूटिव टीम ने संभाली व्यवस्थाएं
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सफल बनाने में श्वेता, रंगोली, इशिता, नेहा, जागृति, सुमन, अंजू, निहारिका, कृतिका और प्रियंका सहित पूरी एग्जीक्यूटिव टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संभालीं।
आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष रोजी, उपाध्यक्ष रेखा, महामंत्री दीप्ति दीपांक, कोषाध्यक्ष रेनू और सहमंत्री पूनम के सहयोग की भी विशेष सराहना की गई।
समारोह में कुसुम, साधना, सविता, बरखा, नेहा, नूतन, निधि, ईति, मीता, रेनू, रश्मि, रुचि, संगीता, सरोज, रजनी, मोनिका, अंशिका, वंदना, अंजलि, रिचा, श्वेता, दिया, कविता, ममता, डिंपल, कामिनी, मृदुल सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने एक-दूसरे की प्रस्तुतियों का तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान सखियों के बीच प्रेम, अपनापन, मित्रता और एकता की भावना साफ नजर आई। हरियाली तीज के इस आयोजन ने महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही आपसी मेल-जोल और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।
महाराजा हरिश्चंद्रवंशीय महिला समाज का यह तीज मिलन समारोह शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीत-संगीत, हंसी-मजाक, खेलों और सखियों के उत्साह के कारण लंबे समय तक यादगार बना रहेगा।
अंत में महामंत्री दीप्ति दीपांक रस्तोगी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए धन्यवाद दिया।





















